Homeपूर्वांचालसर्वांगीण प्रगति के लिए कृतसंकल्प है राजकीय महाविद्यालय पचवस : डॉ विशाल...

सर्वांगीण प्रगति के लिए कृतसंकल्प है राजकीय महाविद्यालय पचवस : डॉ विशाल श्रीवास्तव

पचवस, बस्ती। इन्द्रासन सिंह स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राजकीय महाविद्यालय, पचवस में सत्र 2025-26 के वार्षिक समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही और पूरा सभागार उत्साह से भरा नजर आया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. विशाल श्रीवास्तव ने कहा कि महाविद्यालय अपने विद्यार्थियों की सर्वांगीण प्रगति के लिए सतत कृतसंकल्प है। उन्होंने बताया कि आगामी सत्र से महाविद्यालय में वाणिज्य एवं विज्ञान संकाय का शुभारंभ किया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों को नई शैक्षणिक संभावनाएं मिलेंगी। उन्होंने प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को बधाई दी तथा विदा हो रहे विद्यार्थियों को समाज के प्रति उत्तरदायी बनने का संदेश दिया।

विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित सेवानिवृत्त प्रवक्ता एवं पत्रकार रामप्रगट सिंह ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की धुरी होता है और शिक्षा के उद्देश्यों की पूर्ति के लिए शिक्षक एवं विद्यार्थी के बीच समन्वय आवश्यक है। वहीं शिक्षक जयप्रकाश सिंह ने विद्यार्थियों को जीवन में शिक्षा और संस्कारों के महत्व को समझने की प्रेरणा दी।

वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. विजय कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि एक अच्छा शिक्षक वही होता है जो जीवनपर्यंत सीखने की प्रक्रिया से जुड़ा रहे। उन्होंने वर्तमान सूचना-प्रधान युग में ज्ञान के सही मार्गदर्शन की आवश्यकता पर बल दिया।

समारोह के दौरान विभागीय परिषदों, सांस्कृतिक परिषद एवं क्रीड़ा विभाग द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दर्जनों छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। बीते वर्ष के मेधावी छात्र विश्वास सिंह एवं सर्वाधिक अनुशासित छात्रा अमृता शर्मा को विशेष सम्मान प्रदान किया गया। क्रीड़ा विभाग द्वारा छात्र चैंपियन अंकित यादव एवं छात्रा चैंपियन गुंजन को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे, जिनमें गीत, नृत्य, भाषण एवं संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। कशिश, प्रीति, सृष्टि सिंह, इन्द्रावती, खुशी सोनी, नीलाक्षी, सतीराम निषाद, परवीन बानो, रूबी मौर्या, शालू और ममता सहित अनेक विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का संचालन संस्कृत विभाग के प्राध्यापक अरुण कुमार पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर वाणिज्य प्राध्यापक मोहित सोनी, हिंदी विभाग के शोध छात्र विवेक कुमार तिवारी एवं खुशबू सिंह सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कनिष्ठ सहायक छत्रधारी, अम्बिका एवं अमरनाथ ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

अंत में उपस्थित छात्र-छात्राओं को मिष्ठान्न एवं जलपान वितरित कर कार्यक्रम का समापन किया गया।

Rishik Dwivedi
Rishik Dwivedi
Founder Member & Sub- Editor of NTF
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments