सुल्तानपुर, 18 अप्रैल 2026 — भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की सुल्तानपुर जिला कमेटी ने नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद में हुए मजदूर आंदोलनों पर कथित पुलिसिया दमन के विरोध में शनिवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट करमजीत सिंह को सौंपा।
पार्टी के जिला सचिव मंडल सदस्य शशांक पाण्डेय ने कहा कि नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में चल रहे मजदूर आंदोलनों को दबाने के लिए सरकार द्वारा अपनाया गया तरीका बेहद निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि मजदूरों के साथ लंबे समय से हो रहे अमानवीय शोषण के कारण ही इस तरह के आंदोलन जन्म लेते हैं, लेकिन इसके बजाय सरकार आंदोलन को कुचलने और मजदूरों पर फर्जी मुकदमे लादने का काम कर रही है।

जिला कमेटी सदस्य ओम प्रकाश कोरी ने श्रम कानूनों के उल्लंघन का मुद्दा उठाते हुए कहा कि मजदूरों से 12 से 16 घंटे तक काम लिया जा रहा है, जबकि उन्हें बेहद कम वेतन दिया जाता है। उन्होंने कहा कि सरकार की आउटसोर्सिंग नीति ने ठेकेदारों और कंपनियों को मजदूरों के शोषण का खुला मौका दे दिया है।
वहीं, अरविंद श्रीवास्तव ने जनपद में बढ़ रही आगजनी की घटनाओं पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अग्निशमन दल की समय पर मदद न पहुंच पाने से नुकसान बढ़ रहा है। पार्टी ने मांग की कि 112 सेवा की तर्ज पर अग्निशमन विभाग के सचल दस्ते बनाए जाएं, ताकि घटनास्थल पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
इसके अलावा, पार्टी ने आगजनी और प्राकृतिक आपदाओं में प्रभावित किसानों को प्रति एकड़ कम से कम 20,000 रुपये तथा मकान क्षति पर न्यूनतम 2 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की।
इस प्रदर्शन में विवेक विक्रम सिंह, दुर्गेश यादव, रवि प्रसाद, अनिकेत वर्मा, रामकृष्ण मिश्र, हरिलाल सोनी, उदयराज गुप्ता, रामसजीवन शर्मा, मधुकर मिश्रा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

