बस्ती जिले के दुबौलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत साड़पुर गांव में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 70 वर्षीय वृद्ध का शव घर के सामने पेड़ से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान साड़पुर निवासी केशव प्रसाद (70) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुबह परिजन जब घर के बाहर निकले तो उन्होंने केशव प्रसाद का शव पेड़ से रस्सी के सहारे लटका देखा। यह दृश्य देखते ही परिवार में कोहराम मच गया और आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
घटना की सूचना मिलते ही दुबौलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

