कप्तानगंज (बस्ती): रामधनी सिंह नोहरा देवी राजकीय महाविद्यालय में उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार “नारी शक्ति बंधन अधिनियम प्रचार अभियान” के तहत छात्राओं द्वारा मानव श्रृंखला बनाकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान महिला सशक्तिकरण और सरकार द्वारा महिलाओं के उत्थान के लिए किए जा रहे प्रयासों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में छात्राओं को नारी शक्ति बंधन अधिनियम के समर्थन में शपथ दिलाई गई और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया। नारी शक्ति प्रभारी डॉ. विद्यावती यादव एवं गृह विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. पूनम के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर्येन्दु द्विवेदी ने कहा कि वर्तमान समय में महिला सशक्तिकरण अत्यंत आवश्यक है। महिलाओं को अपने अधिकारों की जानकारी रखते हुए उन्हें प्राप्त करने के लिए आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा बनाए गए विभिन्न कानूनों और योजनाओं का लाभ उठाकर महिलाएं और अधिक सशक्त बन सकती हैं।
कार्यक्रम में डॉ. अनिल, डॉ. प्रदीप कुमार सिंह, विपिन शर्मा सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

