(हिमाचल प्रदेश), 16 अप्रैल:
हिमाचल प्रदेश के सरकाघाट क्षेत्र में 19 वर्षीय छात्रा और SFI कार्यकर्ता सिया गुलेरिया की दिनदहाड़े हत्या के बाद प्रदेश में आक्रोश का माहौल है। स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) की हिमाचल प्रदेश राज्य कमेटी ने गोपालपुर में शोक सभा आयोजित कर घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
जानकारी के अनुसार, नैण गांव की निवासी और बीबीए प्रथम वर्ष की छात्रा सिया गुलेरिया परीक्षा देने जा रही थीं, तभी रास्ते में एक नशे में धुत व्यक्ति ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

शोक सभा को संबोधित करते हुए SFI के राज्य अध्यक्ष अनिल ठाकुर ने कहा कि सरकार द्वारा घोषित 10 लाख रुपये मुआवजा तत्काल दिया जाए और पीड़िता की छोटी बहन की शिक्षा की पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार उठाए। उन्होंने प्रदेश में बढ़ते नशे के खिलाफ सख्त कदम उठाने और महिला सुरक्षा को मजबूत करने की मांग भी की।
संगठन का कहना है कि यह घटना सिर्फ एक आपराधिक वारदात नहीं, बल्कि प्रदेश में बढ़ती नशे की समस्या का परिणाम है। संगठन ने आरोप लगाया कि बेरोजगारी, युवाओं में बढ़ती निराशा और नशा माफिया के खिलाफ ढीले रवैये ने स्थिति को गंभीर बना दिया है।
संगठन ने सरकार से नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने की मांग की है। SFI ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि वह इस मामले में इंसाफ की लड़ाई को अंत तक लड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।
फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है।

