नई दिल्ली: इंडियन सुपर लीग (ISL) में एफसी गोवा के वर्तमान प्रभारी स्पेन के मनोलो मार्केज को भारतीय पुरुष फुटबॉल टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। वह बर्खास्त इगोर स्टिमक की जगह लेंगे। इस फैसले को ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (AIFF) की कार्यकारी समिति की बैठक में लिया गया। 55 वर्षीय मार्केज के पास कोचिंग का व्यापक अनुभव है, जो भारतीय फुटबॉल टीम के लिए लाभदायक साबित हो सकता है।

AIFF ने शनिवार को हुई बैठक में मार्केज को शीर्ष पद के लिए चुना। AIFF ने एक बयान में कहा कि समिति ने सीनियर पुरुष नेशनल टीम के नए मुख्य कोच के पद पर विचार-विमर्श किया और तत्काल प्रभाव से मनोलो मार्केज को इस पद के लिए नियुक्त किया।
मार्केज 2024-25 सत्र में एफसी गोवा के मुख्य कोच के रूप में अपनी भूमिका जारी रखेंगे। वह पूर्णकालिक आधार पर नेशनल टीम का कोच बनने से पहले दोनों जिम्मेदारियों को एक साथ निभाएंगे। AIFF चीफ कल्याण चौबे ने कहा, “हमें इस महत्वपूर्ण भूमिका में मनोलो मार्केज का स्वागत करते हुए खुशी हो रही है। हम आने वाले सालों में मार्केज के साथ काम करने के लिए उत्सुक हैं।”
इगोर स्टिमक की बर्खास्तगी
भारतीय टीम के 2026 फीफा विश्व कप क्वालीफायर के तीसरे दौर में जगह बनाने में असफल रहने के बाद इगोर स्टिमक को 17 जून को मुख्य कोच के पद से बर्खास्त कर दिया गया था। इसके बाद से ही नए कोच की तलाश जारी थी।
मनोलो मार्केज का बयान
मनोलो मार्केज ने कहा, “भारत की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम का कोच बनना मेरे लिए सम्मान की बात है, एक ऐसा देश जिसे मैं अपना दूसरा घर मानता हूं। भारत और इसके लोगों से मैं जुड़ा हुआ महसूस करता हूं और जब से मैं पहली बार इस खूबसूरत देश में आया हूं तब से मैं इसका एक हिस्सा महसूस करता हूं। मैं एफसी गोवा का बहुत आभारी हूं कि उसने हमें आने वाले सीजन के दौरान राष्ट्रीय टीम की मदद करने की छूट दी, जबकि मैं अभी भी क्लब का मुख्य कोच हूं। मैं इस अवसर के लिए एआईएफएफ का आभारी हूं।”
मार्केज साल 2020 से इंडियन सुपर लीग में कोचिंग कर रहे हैं। उन्होंने हैदराबाद एफसी और एफसी गोवा को कोचिंग दी है। उनके अनुभव और नेतृत्व में, भारतीय फुटबॉल टीम को नए ऊंचाइयों पर पहुंचने की उम्मीद है।

