बस्ती। जिले के गौर क्षेत्र के ग्राम बेलवरिया निवासी वृजेंद्र कुमार ने दिल्ली विश्वविद्यालय में अपनी उपलब्धियों से पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। वृजेंद्र कुमार को दिल्ली विश्वविद्यालय द्वारा कैंपस एंबेसडर पुरस्कार (कैंपस युवा राजदूत सम्मान) सहित विभिन्न क्षेत्रों में कुल पांच पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। उनकी इस सफलता से गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
वृजेंद्र कुमार, गौर ब्लॉक के निवासी जोखू राम के पुत्र हैं। वर्ष 2023 में उन्होंने CUET UG प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण कर दिल्ली विश्वविद्यालय में प्रवेश प्राप्त किया था। वह अपने ग्राम सभा के पहले छात्र हैं, जिन्होंने देश के प्रतिष्ठित केंद्रीय विश्वविद्यालय दिल्ली विश्वविद्यालय में प्रवेश लेकर उच्च शिक्षा प्राप्त करने का गौरव हासिल किया है।
दिल्ली विश्वविद्यालय में अध्ययन के दौरान वृजेंद्र कुमार को बहस क्लब, पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों, महिला विकास प्रकोष्ठ तथा अंबेडकर अध्ययन केंद्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए भी सम्मानित किया गया। उनकी उपलब्धियों को लेकर क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त किया है।
ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने कहा कि वृजेंद्र कुमार की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनकी इस उपलब्धि से बस्ती जिले, गौर क्षेत्र और ग्राम बेलवरिया का गौरव बढ़ा है।

