सुल्तानपुर। पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में सोमवार को भारत की जनवादी नवजवान सभा (DYFI) और स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) के कार्यकर्ताओं ने आज़ाद पार्क के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी का पुतला फूंककर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन में छात्रों और युवाओं का भारी आक्रोश देखने को मिला।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए DYFI जिलाध्यक्ष बाल कृष्ण मिश्र ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण महंगाई लगातार बढ़ रही है। पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में बढ़ोतरी से किसानों, मजदूरों, छात्रों और मध्यम वर्ग पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर कॉर्पोरेट घरानों को फायदा पहुंचाने में लगी हुई है।

DYFI और SFI के पूर्व जिला अध्यक्ष रह चुके कामरेड शशांक पाण्डेय ने कहा कि सरकार की नीतियां किसान विरोधी हैं। उन्होंने कहा कि इस समय किसानों को सिंचाई के लिए डीजल की सबसे ज्यादा जरूरत होती है, ऐसे में दाम बढ़ाना किसानों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है। उन्होंने कहा कि डीजल महंगा होने से ढुलाई खर्च भी बढ़ रहा है, जिससे दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं और आम जनता की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
SFI जिला मंत्री दुर्गेश यादव और जिलाध्यक्ष सलिल धुरिया ने कहा कि महंगाई का सबसे अधिक असर छात्रों और गरीब परिवारों पर पड़ रहा है। परिवहन खर्च बढ़ने से छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा, रोजगार और राहत देने के बजाय लगातार जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ा रही है। साथ ही छात्रों और युवाओं से जनविरोधी नीतियों के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष तेज करने का आह्वान किया।
प्रदर्शन एवं पुतला दहन कार्यक्रम में वार्ड नंबर 22 जिला पंचायत सदस्य पद प्रत्याशी राम कृष्ण मिश्र, सुदीप ओझा, नितेश सिंह, विकास, गुलजार, कुलदीप गुप्ता समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

