बस्ती। जनपद के विकासखंड कप्तानगंज स्थित गंगापुर प्राथमिक विद्यालय परिसर में राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित 100 दिवसीय टीबी अभियान के तहत “आयुष्मान आरोग्य शिविर” का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन कर्मा देवी समूह की कार्यकारी निदेशक अंशु सिंह गौतम ने फीता काटकर किया।
शिविर में उच्च जोखिम वाले व्यक्तियों की स्वास्थ्य जांच की गई। इसमें टीबी स्क्रीनिंग, ब्लड प्रेशर एवं शुगर जांच, हीमोग्लोबिन परीक्षण, बीएमआई जांच, चेस्ट एक्स-रे, बलगम संग्रह तथा वजन सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। जरूरतमंद मरीजों को दवाओं का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अंशु सिंह गौतम ने कहा कि टीबी जैसी गंभीर बीमारी के उन्मूलन के लिए जनजागरूकता, समय पर जांच और नियमित उपचार बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ जागरूक करना भी आवश्यक है। उन्होंने सभी लोगों से टीबी मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उपस्थित लोगों को टीबी रोग के लक्षण, बचाव और समय पर उपचार के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान अंशु सिंह गौतम ने एसटीएलएस संजय पाण्डेय एवं एसटीएस राहुल श्रीवास्तव को रेडियो भेंट किया। वहीं सीएचओ मधु यादव एवं वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक गिरीशचंद्र गुप्ता को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
स्मार्ट संस्था, नई दिल्ली एवं रेडियो ओमनी के संयुक्त तत्वावधान में संचालित हेल्थ फेलोशिप “सेहत सही, लाभ कई” कार्यक्रम के अंतर्गत अभिषेक पाण्डेय एवं अभिषेक मिश्रा को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर रेडियो ओमनी के स्टेशन निदेशक वीर प्रताप सिंह, कम्युनिटी रिपोर्टर धर्मेन्द्र पाण्डेय, ग्राम प्रधान सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, सीएचओ, एएनएम, आशा, पंचायत सहायक एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।

