लखनऊ। समाजवादी पार्टी प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का बुधवार सुबह निधन हो गया। उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
परिवार के करीबी सूत्रों के अनुसार, अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद प्रतीक यादव को लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हालांकि, उनकी मौत के कारणों का अभी तक आधिकारिक रूप से खुलासा नहीं किया गया है।
समाजवादी पार्टी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा, “श्री प्रतीक यादव जी का निधन हृदय विदारक है। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। विनम्र श्रद्धांजलि।”
प्रतीक यादव भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति थे। वह सपा संस्थापक और पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के पुत्र थे। साधना गुप्ता का निधन वर्ष 2022 में हुआ था।
प्रतीक यादव राजनीति से दूर रहते हुए व्यवसाय और फिटनेस की दुनिया में सक्रिय थे। उन्हें फिटनेस प्रेमी और सफल व्यवसायी के रूप में जाना जाता था। सोशल मीडिया पर भी उनकी अच्छी खासी लोकप्रियता थी।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रतीक यादव के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
प्रतीक यादव के निधन की खबर के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और समर्थकों ने सोशल मीडिया के माध्यम से शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

