सुल्तानपुर।
उत्तर प्रदेश खेत मजदूर एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन के राष्ट्रीय आवाहन पर आज दिनांक 2 फरवरी 2026 को जनपद सुल्तानपुर में यूनियन के सदस्यों एवं पदाधिकारियों ने जिला सचिव कामरेड ओमप्रकाश कोरी के नेतृत्व में महामहिम राष्ट्रपति महोदय के नाम एक ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट प्रीति जैन के माध्यम से सौंपा।
ज्ञापन सौंपते हुए उत्तर प्रदेश खेत मजदूर यूनियन के जिला अध्यक्ष कामरेड सभाजीत ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने हाल ही में महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) को बदलकर ‘वी बी ग्राम जी योजना’ लागू कर दी है, जो नरेगा मजदूरों एवं ग्रामीण मजदूरों के साथ विश्वासघात है। उन्होंने मांग की कि वीबी ग्राम जी योजना को तत्काल वापस लिया जाए और मनरेगा को पूर्ववत बहाल किया जाए।

यूनियन के जिला संयुक्त सचिव कामरेड रामदुलार कोरी ने कहा कि नेशनल रोजगार गारंटी योजना के तहत ग्रामीण मजदूरों को वर्ष में 200 दिन का काम तथा ₹700 प्रतिदिन मजदूरी की मांग लंबे समय से की जा रही है, जो मजदूरों के लिए पूरी तरह न्यायसंगत है। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में मजदूरों का जीवन-यापन अत्यंत कठिन हो गया है।
उत्तर प्रदेश खेत मजदूर एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन ने ज्ञापन के माध्यम से केंद्र सरकार से मनरेगा का बजट बढ़ाकर 3 लाख करोड़ रुपये किए जाने, साल में 200 दिन का काम और ₹700 प्रतिदिन मजदूरी सुनिश्चित करने तथा वी बी ग्राम जी कानून पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष कॉमरेड हरिलाल सोनी, कामरेड शशांक पांडे, उदय राज साहू, कामरेड अरशद, मोहम्मद अतीक, कामरेड रामबरन, कॉमरेड जैसराम मौर्य सहित बड़ी संख्या में यूनियन कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

