हरैया, बस्ती: 04 अप्रैल 2025 को राजकीय महिला महाविद्यालय, हरैया में छात्राओं ने “सड़क सुरक्षा” के बैनर तले एक जागरूकता रैली का आयोजन किया। इस रैली के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया। हरैया-बभनान रोड पर छात्राओं ने उन वाहन चालकों को रोका, जो सीट बेल्ट और हेलमेट का प्रयोग नहीं कर रहे थे, और उन्हें इनके महत्व को समझाते हुए यातायात नियमों का पालन करने का निवेदन किया।

रैली को महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अभिराम राय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय की सड़क सुरक्षा प्रभारी डॉ. पूजा वर्मा के निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। रैली के समापन के बाद छात्राओं के लिए सूक्ष्म जलपान की व्यवस्था भी की गई।
इस आयोजन में महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकों, जिनमें डॉ. आदित्य प्रताप सिंह, डॉ. वीरेंद्र प्रताप, डॉ. अंजनी कुमार और डॉ. रचित सिसोदिया शामिल थे, ने सक्रिय योगदान दिया। इसके साथ ही महाविद्यालय के समस्त शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
यह आयोजन न केवल छात्राओं के लिए एक प्रेरणादायक पहल साबित हुआ, बल्कि स्थानीय लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने में भी प्रभावी रहा।

