नेपाल के कई इलाकों में भारी बारिश और भूस्खलन ने भयावह हाहाकार मचा दिया है। बीते 36 घंटों में मूसलाधार बारिश के कारण कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 8 लोगों को अभी भी खोजा जा रहा है। इस त्रासदी में 12 लोग घायल हो गए हैं और उन्हें चिकित्सा सहायता दी जा रही है।
भूस्खलन के बाद नदियों का प्रवाह भी बढ़ गया है, जिसके कारण बागमती समेत अन्य नदियां पूरी ताकत से बह रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि इसके चलते कई मुख्य राजमार्ग और सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं।
कोशी बैराज के सभी 56 स्लुइस खोल दिए गए हैं ताकि बढ़ते जल स्तर का संभाला जा सके। पश्चिमी नेपाल में भी नारायणी, राप्ती और महाकाली नदियों का प्रवाह तेज हो रहा है।
काठमांडू और पहाड़ी इलाकों में बाढ़ के कारण कई घर जलमग्न हो गए हैं और सड़कों पर पानी भर गया है। स्थानीय मीडिया ने लोगों को सुरक्षित जगह पर जाने और अपने घरों को खाली करने के लिए चेताया है।

