नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के केंद्रीय कार्यालय में कार्यरत कर्मचारियों और लोकसभा चुनाव में काम करने वाले कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। लगातार तीसरी बार लोकसभा चुनाव में जीत हासिल कर केंद्र में सरकार बनाने के बाद पीएम मोदी की यह पहली मुलाकात पार्टी के केंद्रीय कार्यालय के कर्मचारियों के साथ हुई।
जेपी नड्डा ने पीएम मोदी का किया स्वागत
पार्टी मुख्यालय पहुंचने पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया। ‘स्नेह मिलन’ कार्यक्रम के मंच पर भी नड्डा ने पीएम मोदी का स्वागत और अभिनंदन किया। इस दौरान मंच पर पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव बीएल संतोष और राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री मोदी लगभग ढाई घंटे तक पार्टी मुख्यालय में रहे।
पीएम ने पुराने दिनों को किया याद
पार्टी कर्मचारियों के साथ संवाद के दौरान पीएम मोदी ने अपने पुराने दिनों को याद किया। उन्होंने गुजरात से लेकर पार्टी के राष्ट्रीय संगठन में विभिन्न पदों पर काम किया है। अपने अनुभवों को साझा करते हुए उन्होंने बताया कि वे भी भाजपा कार्यालय में कई वर्षों तक रहे हैं और पार्टी के लिए काम करते थे।
मोदी ने लोकसभा चुनाव के दौरान तीन महीने तक बिना किसी छुट्टी काम करने के लिए सभी को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन से बढ़कर कुछ भी नहीं है और कार्यकर्ता इसके केंद्र में हैं। उन्होंने खास तौर पर उन पुराने कर्मचारियों से बातचीत की, जो उनके साथ केंद्रीय कार्यालय में काम कर चुके हैं।
पीएम मोदी ने कही ये बात
प्रधानमंत्री मोदी ने पार्टी मुख्यालय के कर्मचारियों से बातचीत करते हुए कहा कि हम सब एक परिवार हैं। उन्होंने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि उस समय पार्टी को कम संसाधनों में काम करना पड़ता था। उन्होंने उन दिनों का जिक्र करते हुए बताया कि किस तरह से अभाव के बीच भी काम हुआ करता था।
आपको याद दिला दें कि इससे पहले, अपने दूसरे कार्यकाल के दौरान भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी कार्यालय के कर्मचारियों से संवाद किया था। उस समय उन्होंने केंद्रीय कार्यालय के कर्मचारियों को अपने आधिकारिक आवास, सात लोक कल्याण मार्ग पर आमंत्रित किया था।

