रामपुर: जेल में बंद समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान के हमसफर रिसॉर्ट पर मंगलवार को प्रशासन ने बुलडोजर चलाया। जेसीबी लेकर पहुंचे एसडीएम ने सरकारी जमीन पर बनी दीवार और भवन को ध्वस्त करना शुरू कर दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से इलाके में खलबली मच गई है। शहर विधायक आकाश सक्सेना की शिकायत पर यह मामला तेजी से आगे बढ़ा है।

शहर विधायक आकाश सक्सेना ने कुछ दिन पहले इस मामले में कार्रवाई के लिए पत्र लिखकर रिमाइंडर भी भेजा था। इसके बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी।
सपा के प्रदेश सचिव ओमेंद्र चौहान ने इस कार्रवाई पर नाराजगी जताई है। जिला प्रशासन ने तहसीलदार सदर की कोर्ट में वाद दायर किया था जिसमें कहा गया था कि रिसोर्ट में खाद के गड्ढों की 0.038 हेक्टेयर जमीन है, जिसकी गाटा संख्या 164 है। कोर्ट के आदेश पर पैमाइश कराई गई जिसमें पुष्टि हुई कि यह जमीन खाद के गड्ढों की है।
कोर्ट ने अवैध कब्जा हटाने और क्षतिपूर्ति वसूलने के आदेश दिए थे, लेकिन तब से यह कार्रवाई धीमी हो गई थी। तीन दिन पहले जब शहर विधायक आकाश सक्सेना ने तहसील प्रशासन से नाराजगी जताते हुए रिमाइंडर भेजा तो प्रशासन अलर्ट हो गया। कोर्ट के आदेश के पालन में प्रशासन की टीम जेसीबी लेकर हमसफर रिसोर्ट पहुंची और कब्जा मुक्त कराने की प्रक्रिया शुरू की। जेसीबी की मदद से अवैध निर्माणों और कब्जों को हटाया गया।

