Homeदेश - विदेशकठुआ में सेना के वाहन पर आतंकी हमला, पांच जवान शहीद

कठुआ में सेना के वाहन पर आतंकी हमला, पांच जवान शहीद

घात लगाकर हमला, सेना और पुलिस का संयुक्त ऑपरेशन जारी

जम्मू-कश्मीर: कठुआ जिले में सेना के वाहन पर हुए आतंकी हमले में एक अफसर समेत पांच जवान शहीद हो गए हैं और पांच अन्य घायल हुए हैं। हमले से पहले आतंकियों ने इलाके की रेकी की थी और घात लगाकर अंधाधुंध गोलीबारी की। सूत्रों के अनुसार, पहाड़ी पर छिपे आतंकियों ने सेना के वाहन पर दो दिशाओं से फायरिंग की और फिर ग्रेनेड भी चलाए। घायल जवानों को कठुआ से पठानकोट शिफ्ट किया गया है।

सूत्रों का कहना है कि पांच हफ्ते पहले अंतरराष्ट्रीय सीमा से आतंकियों ने घुसपैठ की थी और बाद में ये आतंकी दो समूहों में बंट गए थे। एक समूह का टोटा एनकाउंटर में सफाया हो गया था जबकि दूसरे समूह ने कठुआ में सेना की गाड़ी पर हमला किया। घटना सोमवार दोपहर करीब साढ़े 3 बजे की है। आतंकवादियों ने लोहाई मल्हार के बदनोटा गांव के पास सेना के ट्रक को निशाना बनाया था।

सूत्रों के मुताबिक, सेना के वाहन पर पाकिस्तानी आतंकियों ने हमला किया था। आतंकियों ने अधिक नुकसान पहुंचाने के लिए हाईटेक हथियारों का इस्तेमाल किया था, जिसमें गोलाबारी के अलावा M4 कार्बाइन राइफलें और विस्फोटक उपकरण शामिल थे। आतंकियों ने स्थानीय लोगों की मदद से इलाके की रेकी की थी ताकि योजनाबद्ध तरीके से हमला किया जा सके।

घटना के बाद सेना और पुलिस ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाल लिया है और आतंकियों की तलाश में ऑपरेशन तेज कर दिया है। जवान जंगल में चप्पे-चप्पे पर आतंकवादियों के निशान तलाश रहे हैं और पैरा कमांडो भी तैनात किए गए हैं। चारों तरफ से घेराबंदी की गई है और ग्राउंड सर्च टीम हेलिकॉप्टर की मदद ले रही है। घने वन क्षेत्रों में खोजी कुत्ते और मेटल डिटेक्टर भी लगाए गए हैं।

सेना, पुलिस और CRPF ने माचेडी,बदनोट, किंडली और लोहाई मल्हार इलाके में संयुक्त घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया है। एक बड़े क्षेत्र को घेरे में ले लिया गया है। पहाड़ी इलाका, कोहरा और घना जंगल सर्च अभियान में बड़ी बाधा बन रहे हैं। हमले में पाकिस्तानी आतंकी शामिल थे और 1-2 लोकल गाइड ने उनकी मदद की थी।

घटना के बाद जम्मू-कश्मीर के पूर्व पुलिस प्रमुख शेष पॉल वैद ने ट्वीट कर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि हमें नुकसान का सामना करना पड़ा है, लेकिन मुझे यकीन है कि जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना और केंद्रीय सशस्त्र बलों के साथ मिलकर इन बचे हुए आतंकियों को मार गिराएगी।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सेना के जवानों के शहीद होने पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि घटना से मुझे गहरा दुख हुआ है और शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। इस कठिन समय में राष्ट्र उनके साथ मजबूती से खड़ा है। घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी इस कायरतापूर्ण हमले की कड़ी निंदा की है।

Rishik Dwivedi
Rishik Dwivedi
Founder Member & Sub- Editor of NTF
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments