महाराष्ट्र के ठाणे जिले के शाहपुर में डॉक्टरों की बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। एक 9 साल के लड़के के माता-पिता ने आरोप लगाया है कि सरकारी अस्पताल के डॉक्टरों ने उनके बेटे के घायल पैर की जगह उसके गुप्तांग की सर्जरी कर दी।
पैर के बजाय गुप्तांग का खतना
माता-पिता ने पुलिस से की गई शिकायत में बताया कि पिछले महीने खेलते समय लड़के के पैर में चोट लग गई थी। 15 जून को उसे शाहपुर के उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने गलती से पैर की बजाय उसके गुप्तांग का खतना कर दिया। गलती का एहसास होने पर डॉक्टरों ने बाद में पैर की सर्जरी की।
पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की जांच
माता-पिता ने शाहपुर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, हालांकि अभी तक कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायत की जांच चल रही है। जिला सिविल सर्जन डॉ. कैलाश पवार ने आश्वासन दिया कि स्वास्थ्य अधिकारी इस मामले की जांच करेंगे।
हरियाणा में भी हुआ था ऐसा मामला
यह पहली बार नहीं है जब डॉक्टरों की ऐसी चूक सामने आई है। हरियाणा के पानीपत में भी एक मरीज के दाहिने घुटने के बजाय बाएं घुटने का ऑपरेशन कर दिया गया था। इस मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने स्वत: संज्ञान लेते हुए राज्य सरकार और पुलिस प्रमुख को नोटिस भेजा था। अस्पताल ने इसके लिए 8 हजार रुपये और आयुष्मान कार्ड भी ले लिया था।

