बस्ती। विकास खंड बहादुरपुर ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम पंचायत खलीलपट्टी के ग्राम खरिकाभारी में चकरोड निर्माण न होने से ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। मामला गाटा संख्या 113, 112, 153 एवं 144 से संबंधित है, जहां राजस्व अभिलेखों में दर्ज चकरोड का निर्माण/पुनर्स्थापन अब तक नहीं हो सका है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अब्दुर रहीम खान ने दिनांक 02 जुलाई 2025 को उप जिलाधिकारी (SDM) बस्ती को प्रार्थना पत्र देकर चकरोड का सीमांकन कर अतिक्रमण हटवाने तथा मार्ग को चालू कराने की मांग की थी। इस पर राजस्व विभाग ने स्थल निरीक्षण कर सीमांकन की प्रक्रिया पूरी भी कर ली।
इसके बावजूद संबंधित अधिकारियों द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग के अभाव में किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने ग्राम पंचायत और ब्लॉक स्तर के अधिकारियों पर उदासीनता बरतने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि प्रशासनिक स्तर पर लापरवाही के चलते मामला लंबित पड़ा हुआ है, जिससे संदेह की स्थिति उत्पन्न हो रही है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और चकरोड को शीघ्र चालू कराया जाए, ताकि किसानों और आम लोगों को राहत मिल सके।

