बहराइच। रुपईडीहा थाना क्षेत्र के रामनगर बसंतपुर उदल गांव से रविवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जिसमें संपत्ति विवाद के चलते एक युवक ने अपने परिवार के चार सदस्यों पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में पिता बदलू राम (60), मां संजू देवी (56), बहन पार्वती (42) और दादी शीतला देवी (80) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बड़ा भाई गुरुदेव बरसाद वर्मा (43) गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का एकमात्र चश्मदीद गवाह गुरुदेव का 10 वर्षीय भतीजा आजाद है, जो घटना के समय दूसरे कमरे में था और शोर-शराबा सुनकर बाहर आया, लेकिन बाल-बाल बच गया।
जानकारी के अनुसार, गुरुदेव वर्मा का छोटा भाई निरंकार वर्मा (40) और परिवार के बीच वर्षों से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। पिता बदलू राम ने कुछ साल पहले एक जमीन बेची थी, लेकिन उसकी रकम का हिस्सा निरंकार को नहीं मिला था। रविवार रात निरंकार ने अपने हिस्से के पैसे मांगने की कोशिश की, जिससे पिता के साथ विवाद बढ़ गया। गुस्से में उसने कुल्हाड़ी उठाकर पहले पिता और फिर मां, बहन और दादी पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए बड़े भाई गुरुदेव पर भी उसने हमला किया।

हमले के बाद डर के मारे निरंकार ने खुद को खत्म करने की कोशिश की और अपने सिर पर ईंट से कई बार वार किया। खून बह जाने के कारण वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल निरंकार को तत्काल फैरन अस्पताल भेजा, जहां से उसे लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं गंभीर रूप से घायल गुरुदेव का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने मौके से खून से लथपथ कुल्हाड़ी और ईंट बरामद की है। गुरुदेव वर्मा ने रुपईडीहा थाने में निरंकार के खिलाफ लिखित तहरीर देकर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। एएसपी (ग्रामीण) दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह मामला जमीनी विवाद से जुड़ा पाया गया है। मौके पर फॉरेंसिक टीम मौजूद है और चारों मृतक के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
यह वारदात परिवार और गांव के लिए बेहद झकझोरने वाली है, और 10 वर्षीय आजाद की आंखों के सामने हुए इस त्रासदी ने इसे और भी दर्दनाक बना दिया है।

