बस्ती। इन्द्रासन सिंह स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राजकीय महाविद्यालय, पचवस-बस्ती में दो दिवसीय 32वें वार्षिक क्रीड़ा समारोह का आयोजन किया गया। उद्घाटन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. उदयभान, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी, गोरखपुर ने माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। मुख्य अतिथि द्वारा प्रतिभागियों को शपथ-ग्रहण कराई गयी और तदुपरान्त मार्च पास्ट एवं मशाल दौड़ के साथ क्रीड़ा प्रतियोगिताओं का प्रारम्भ हुआ।

इस अवसर पर अपने सम्बोधन में प्रो. उदयभान ने कहा कि क्रीड़ा प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों का समग्र विकास सम्भव होता है। इससे छात्र-छात्राएँ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा करना और लक्ष्य के प्रति निष्ठावान होना सीखते हैं।

इससे पहले प्राचार्य डॉ. विशाल श्रीवास्तव ने पुष्पगुच्छ, स्मृतिचिह्न एवं अंगवस्त्र भेंट कर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। अपने सम्बोधन में प्राचार्य महोदय ने आधुनिक ओलम्पिक खेलों के जनक पियरे डि कुबर्टिन की बात को संदर्भित करते हुए कहा कि खेलों में भाग लेना महत्वपूर्ण है, जीत और हार उसके दो पहलू हैं। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में उत्कृष्ट शिक्षण के साथ शिक्षणेतर गतिविधियों की भी समुचित व्यवस्था शासन के निर्देशानुसार की गयी है।

स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए क्रीड़ा प्रभारी डॉ. विजय कुमार ने दो दिवसीय आयोजन की कार्ययोजना प्रस्तुत की। पहले दिन 100 मीटर, 200 मीटर दौड़ तथा शाटपुट, डिस्कस थ्रो, लम्बी कूद, ऊँची कूद सहित विभिन्न स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। 100 मीटर दौड़ में छात्राओं में प्रथम स्थान गुंजन, द्वितीय स्थान नेहा यादव तथा तृतीय स्थान खुशबू ने प्राप्त किया। छात्रों में 100 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान अंकित यादव, द्वितीय स्थान सतिराम निषाद और तृतीय स्थान विनीत ने प्राप्त किया। लम्बी कूद में छात्राओं में नेहा यादव तथा छात्रों में अंकित यादव अव्वल रहे। वहीं डिस्कस थ्रो में छात्राओं में संजू और छात्रों में विनीत ने बाजी मारी।

दूसरे दिन रिले दौड़, जेवलिन थ्रो, म्युजिकल चेयर तथा स्लो साइकिल रेस जैसी स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका श्री मोहित सोनी ने निभाई वहीं उद्घोषक और संचालक के दायित्व का निर्वहन श्री अरुण कुमार पाण्डेय द्वारा किया गया। आमंत्रित प्रशिक्षक श्री वेद मौर्या ने अपनी देख-रेख में छात्र-छात्राओं को नियमों से अवगत कराते हुए प्रतियोगिताओं का सफल सम्पादन किया। इस कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. बीरज प्रकाश पाण्डेय उपस्थित रहे। दो दिवसीय क्रीड़ा कार्यक्रम में कार्यालय सहायक श्री छत्रधारी तथा अन्य कर्मचारीवर्ग ने बढ़चढ़कर सहयोग प्रदान किया।

