बस्ती। जनपद की जीवनरेखा मानी जाने वाली मनोरमा नदी को अविरल और निर्मल बनाने के उद्देश्य से दूसरे दिन भी जनसहभागिता आधारित स्वच्छता अभियान जारी रहा। वरिष्ठ समाजसेवी एवं भाजपा नेता चन्द्रमणि पाण्डेय ‘सुदामा’ के नेतृत्व में स्थानीय युवाओं ने नदी तट पर श्रमदान कर सफाई कार्य किया।
अभियान का उद्देश्य केवल नदी की सतही सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रशासन और समाज का ध्यान नदी संरक्षण की गंभीरता की ओर आकृष्ट करना भी है। चन्द्रमणि पाण्डेय पिछले एक दशक से मनोरमा नदी की स्वच्छता और संरक्षण को लेकर सक्रिय हैं। पूर्व में धरना-प्रदर्शन और ज्ञापन के माध्यम से उठाए गए मुद्दों के बाद आंशिक सफाई तो हुई, लेकिन बीते कुछ वर्षों में नदी फिर से प्रदूषण की चपेट में आ गई।

पिछले एक माह से जनजागरण अभियान चलाकर जिला प्रशासन से मनोरमा नदी के साथ-साथ रामरेखा नदी और कुवानो नदी की स्वच्छता के लिए ठोस और स्थायी कार्ययोजना बनाने की मांग की जा रही है। उनका कहना है कि नदियां हमारी जीवनरेखा हैं और सांस्कृतिक पहचान की प्रतीक भी हैं। इनकी स्वच्छता से ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।
चन्द्रमणि पाण्डेय ने चेतावनी दी कि यदि तय समयसीमा में प्रभावी पहल नहीं की गई तो 5 मार्च से बेमियादी धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। प्रशासन को संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से स्थानीय नवयुवकों के सहयोग से प्रारंभ किया गया यह सफाई अभियान लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा।
अभियान में रबी पाण्डेय, अमन मिश्र, राममूरत यादव, गौरीशंकर यादव, राजीव पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में युवाओं ने श्रमदान किया। सरदार सेना के विधानसभा अध्यक्ष अमरजीत चौधरी ने भी सहभागिता की।
अभियान पांच दिनों तक चलाया जाएगा, जिसके बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी।

