मऊ।
नौजवान भारत सभा, मऊ इकाई की ओर से शुक्रवार को सावित्री बाई फुले–फ़ातिमा शेख़ शिक्षा सहायता मण्डल से जुड़े बच्चों को ऐतिहासिक स्थल सारनाथ का शैक्षिक भ्रमण कराया गया। इस भ्रमण में कुल 36 बच्चे शामिल हुए।
भ्रमण के दौरान बच्चों को लगभग 3000 वर्ष पुराने सारनाथ के ऐतिहासिक भग्नावशेषों के बारे में जानकारी दी गई। अब तक बच्चे इस स्थल के इतिहास को केवल पुस्तकों और कक्षाओं के माध्यम से जानते थे, लेकिन इस यात्रा में उन्होंने इन ऐतिहासिक धरोहरों को प्रत्यक्ष रूप से देखा और उस दौर की सभ्यता व संस्कृति को नज़दीक से समझा।

भ्रमण के दौरान बच्चों ने ट्रेन यात्रा का अनुभव लिया, नई जगहों को देखा और गीतों के साथ पूरे सफ़र का आनंद उठाया। सारनाथ में स्थित छोटे चिड़ियाघर और पार्क ने भी बच्चों को खासा आकर्षित किया।
नौजवान भारत सभा ने कहा कि इस तरह के शैक्षिक भ्रमण बच्चों के बौद्धिक विकास के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाते हैं। संस्था भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी, ताकि बच्चों को शिक्षा के साथ व्यवहारिक अनुभव भी मिल सके।

