बस्ती। महर्षि वशिष्ठ स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, बस्ती के एनाटॉमी विभाग में एक सराहनीय और प्रेरणादायक पहल के तहत देहदान पंजीकरण किया गया। इस क्रम में नगर बाज़ार के धुसुरिया निवासी, माकपा नेता एवं जिला कमेटी सदस्य तथा जनवादी नौजवान सभा के पूर्व जिलाध्यक्ष सत्यराम ने देहदान करने का संकल्प लिया।
देहदान पंजीकरण के दौरान सत्यराम ने कहा कि वे स्वेच्छा से अपना शरीर दान कर रहे हैं, ताकि मृत्यु के उपरांत उनका शरीर मानव शरीर रचना के अध्ययन में चिकित्सा छात्रों के लिए उपयोगी सिद्ध हो सके। उन्होंने इसे समाज और चिकित्सा शिक्षा के हित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस अवसर पर एनाटॉमी विभाग के अधिकारी, कर्मचारी तथा सत्यराम के परिजन और गवाह उपस्थित रहे। महाविद्यालय प्रशासन ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अनुकरणीय बताया और अन्य लोगों से भी देहदान जैसे पुण्य कार्य के लिए आगे आने की अपील की।

