लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी चुनावी तैयारियों के तहत मंगलवार यानी आज मतदाता सूची का ड्राफ्ट संस्करण जारी किया जाएगा। इस ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में राज्य के 12.55 करोड़ मतदाताओं के नाम शामिल होंगे। चुनाव आयोग ने यह जानकारी दी है।
चुनाव आयोग के अनुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची की व्यापक समीक्षा की गई है। इस दौरान 2.88 करोड़ मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। हटाए गए नामों में मुख्य रूप से मृत, स्थानांतरित, स्थायी रूप से अनुपस्थित और अयोग्य पाए गए मतदाता शामिल हैं।
आयोग का कहना है कि मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी और अद्यतन बनाने के उद्देश्य से यह प्रक्रिया अपनाई गई है, ताकि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी या फर्जीवाड़े की संभावना को रोका जा सके।
ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी होने के बाद मतदाताओं को अपने नाम, पता और अन्य विवरणों की जांच का अवसर मिलेगा। यदि किसी मतदाता का नाम सूची में गलत दर्ज है या छूट गया है, तो वह निर्धारित समय सीमा के भीतर आपत्ति दर्ज करा सकेगा।
इस पूरे मामले पर चुनाव आयोग मंगलवार दोपहर 3 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत जानकारी देगा, जिसमें आपत्तियों की प्रक्रिया, समय-सीमा और आगे की कार्यवाही को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए जाएँगे ।

