बस्ती।
तिलकपुर ग्राम पंचायत के गंगापुर गांव की होनहार बेटी अर्तिका मिश्रा ने अपनी मेहनत और खेल प्रतिभा के दम पर एक बार फिर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अर्तिका का स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) की अंडर-17 श्रेणी में चयन हुआ है। इस उपलब्धि की खबर मिलते ही न केवल विद्यालय परिवार, बल्कि पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई है।
विद्यालय प्रशासन, शिक्षक व छात्र-छात्राओं ने अर्तिका की इस सफलता को अनुशासन, निरंतर अभ्यास और सकारात्मक सोच का परिणाम बताया है। वहीं गांव के लोगों का कहना है कि अर्तिका ने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर की मोहताज नहीं होती, बल्कि सच्ची लगन हो तो गांव से निकलकर भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है।

अर्तिका मिश्रा इससे पहले खेलो इंडिया प्रतियोगिता में ऑल इंडिया थर्ड प्लेस खेल चुकी हैं। पढ़ाई के साथ-साथ खेल में उनकी निरंतर सफलता ने उन्हें कम उम्र में ही एक प्रेरणास्रोत बना दिया है। गांव के बुजुर्गों से लेकर युवा और बच्चे तक, सभी आज गर्व महसूस कर रहे हैं। कई ग्रामीणों का कहना है कि अर्तिका की सफलता गांव के अन्य बच्चे के लिए प्रेरणा है।
आपको बता दें अर्तिका सुनील मिश्रा की पुत्री हैं और बचपन से ही उनमें खेल के प्रति गहरी रुचि रही है। इनके चाचा रविंद्र ने बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद अर्तिका ने कभी अपने सपनों से समझौता नहीं किया। परिवार के साथ-साथ गांव वालों का भी उन्हें लगातार नैतिक सहयोग मिलता रहा, जिसने उनके हौसले को मजबूत बनाए रखा।
गौरतलब है कि बीते वर्ष मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने बस्ती दौरे के दौरान एक निजी विद्यालय के कार्यक्रम में अर्तिका मिश्रा को अपने हाथों पुरस्कृत किया था। उस सम्मान ने न सिर्फ अर्तिका, बल्कि पूरे गंगापुर गांव का मान बढ़ाया था।
आज अर्तिका की इस नई उपलब्धि पर गांव में बधाइयों का तांता लगा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि यह सफलता सिर्फ एक छात्रा की नहीं, बल्कि पूरे गांव की जीत है। अर्तिका मिश्रा की कहानी उन तमाम ग्रामीण बच्चों के लिए उम्मीद की किरण है, जो सीमाओं के बावजूद बड़े सपने देखने का साहस रखते हैं।

