हर्रैया (बस्ती), मंगलवार देर रात गांधी नगर वार्ड स्थित आसरा आवास कॉलोनी में 35 वर्षीय रवि गुप्ता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। देर रात करीब 12 बजे के बाद उनका शव उनके ही कमरे में पाया गया। चेहरे और सिर पर गंभीर चोटों के निशान होने के कारण हत्या की आशंका गहराने लगी है।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जुट गई। पुलिस टीम भी तुरंत पहुंची और घटनास्थल की बारीकी से जांच शुरू कर दी। मृतक रवि गुप्ता, पुत्र कन्हैया लाल, आमतौर पर अयोध्या में रहते थे और दो दिन की छुट्टी पर हर्रैया अपने घर आए थे।
परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य बताई जा रही है। रवि की मां मंजू देवी एक छोटी सी दुकान चलाकर घर का खर्च उठाती हैं। उनके पिता कन्हैया लाल परिवार से अलग रहते हैं और कभी–कभार घर आते हैं। चार भाइयों और एक बहन में रवि सबसे बड़े थे। दो भाई गोरखपुर में काम करते हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है। वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

