कानपुर के व्यस्त बाजार क्षेत्र मेस्टन रोड पर बुधवार एक जोरदार धमाके से अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि सड़क किनारे खड़ी दो स्कूटी में अचानक धमाका हो गया, जिसकी आवाज पूरे इलाके में गूंज उठी। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास के मकानों की दीवारों में दरारें पड़ गईं और लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और इलाके को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। धमाके में छह लोग घायल हुए हैं, जिन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) आशुतोष कुमार ने बताया कि घटना मिश्री बाजार इलाके की है, जहां एक छोटी खिलौनों की दुकान के पास दो स्कूटी खड़ी थीं। इन्हीं स्कूटी में ब्लास्ट हुआ है। फॉरेंसिक टीम मौके पर मौजूद है और जांच में जुटी हुई है कि धमाका किस वजह से हुआ — स्कूटी में तकनीकी खराबी, गैस सिलेंडर लीक या किसी अन्य विस्फोटक पदार्थ की वजह से।
पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जांच पूरी होने तक धैर्य बनाए रखें।

