कप्तानगंज (बस्ती)। रामधारी सिंह नोहरा देवी राजकीय महाविद्यालय में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को महिला केंद्रित विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
मिशन शक्ति प्रभारी डॉ. विद्यावती यादव ने बताया कि मिशन शक्ति फेज-5 का शुभारंभ प्रदेश सरकार द्वारा किया गया है। इस अभियान के अंतर्गत महिला सुरक्षा, साइबर क्राइम, महिला अपराध और उनसे जुड़ी अन्य समस्याओं के समाधान पर जागरूकता बढ़ाने का उद्देश्य है, जिससे महिलाएं सशक्त बन सकें।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर्येन्दु द्विवेदी ने छात्र-छात्राओं को उनके अधिकार और कर्तव्यों की जानकारी दी। उन्होंने घरेलू हिंसा अधिनियम, दहेज निषेध अधिनियम, बाल विवाह निषेध अधिनियम सहित विभिन्न कानूनों की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।
डॉ. पूनम ने छात्रों को राष्ट्रीय पोषण योजना से संबंधित जानकारी दी। इस अवसर पर डॉ. वीरेंद्र प्रसाद, डॉ. प्रदीप कुमार सिंह और विपिन शर्मा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने किया।

