सीतापुर। मंगलवार को बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) अखिलेश प्रताप सिंह के कार्यालय में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक हेडमास्टर ने अचानक उन पर बेल्ट से हमला कर दिया। मामला महिला शिक्षक से जुड़े विवाद और लगातार की गई शिकायतों के स्पष्टीकरण से जुड़ा बताया जा रहा है।
महमूदाबाद क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय नदवा विशेश्वरगंज के हेडमास्टर बृजेंद्र कुमार वर्मा अपने खिलाफ आई शिकायतों पर सफाई देने बीएसए कार्यालय पहुंचे थे। सफाई से बीएसए संतुष्ट नहीं हुए तो दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई। इसी दौरान हेडमास्टर ने गुस्से में मेज पर फाइल पटकी और अचानक बेल्ट निकालकर बीएसए को पीटना शुरू कर दिया। चंद सेकेंड में उन्होंने बीएसए पर कई वार किए।
बीच-बचाव करने आए क्लर्क प्रेम शंकर मौर्या से भी धक्का-मुक्की की गई। हेडमास्टर ने बीएसए का मोबाइल छीनकर तोड़ दिया और कार्यालय में रखे सरकारी दस्तावेज फाड़ डाले। घटना से कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी शिक्षक को हिरासत में ले लिया। बीएसए का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस ने बेल्ट और फटे दस्तावेजों को सबूत के तौर पर जब्त किया है।
पुलिस कस्टडी में हेडमास्टर बृजेंद्र ने आरोप लगाया कि बीएसए उन्हें महिला शिक्षक से जुड़े विवाद में लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। इसी बात को लेकर मंगलवार को तीखी नोकझोंक हुई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
बीएसए अखिलेश प्रताप सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि हेडमास्टर ने सुनियोजित तरीके से उन पर जानलेवा हमला किया, सरकारी दस्तावेज नष्ट किए और कार्यालय में दहशत फैलाने की कोशिश की। उन्होंने अपनी जान-माल की सुरक्षा की मांग की है।
प्रभारी निरीक्षक अनूप शुक्ला ने बताया कि तहरीर और मौके से मिले तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है। जल्द ही मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

