मुंबई में इस बार गणेशोत्सव की राजनीति अलग रंग लिए हुए है। बुधवार को शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे अपने बेटे आदित्य ठाकरे और पत्नी रश्मि के साथ मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे के दादर स्थित आवास ‘शिवतीर्थ’ पहुंचे। यहां राज ठाकरे हर साल गणेश पूजा का आयोजन करते हैं। दिलचस्प यह है कि करीब 20 साल बाद दोनों चचेरे भाई सार्वजनिक मंच पर एक साथ दिखाई देने लगे हैं ।
बीते साल महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में मिली हार के बाद उद्धव ठाकरे की रणनीति में यह बदलाव साफ दिख रहा है। माना जा रहा है कि बीएमसी चुनाव से पहले दोनों का साथ आना राजनीतिक तौर पर अहम होगा। लंबे समय से चली आ रही खींचतान भी अब खत्म होती दिखाई दे रही है। यह तीसरी बार है जब दोनों एक साथ नजर आए हैं।
हाल में भाषा को लेकर महाराष्ट्र में छिड़े विवाद ने दोनों नेताओं को करीब लाने का रास्ता बनाया। इसी सिलसिले में पिछले महीने 5 जुलाई को दोनों ने एक ही मंच साझा किया था। इसके बाद राज ठाकरे उद्धव ठाकरे के जन्मदिन पर मातोश्री पहुंचे और उन्हें शुभकामनाएं दीं। हालांकि, मुंबई में हुए बेस्ट एम्प्लाइज को-ऑपरेटिव क्रेडिट सोसाइटी चुनाव में उनका गठबंधन सफलता हासिल नहीं कर सका।
फिर भी, गणेशोत्सव के मौके पर ठाकरे बंधुओं की यह नजदीकी आने वाले चुनावी परिदृश्य में बड़ा संकेत मानी जा रही है।

