बस्ती (कप्तानगंज)।
स्वच्छ भारत मिशन-2 के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता को लेकर बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन ज़मीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। जनपद बस्ती के विकासखंड कप्तानगंज की ग्राम पंचायत तिलकपुर में इसी योजना के अंतर्गत बन रहे सोख्ता गड्ढे का अधूरा निर्माण जनसुरक्षा के लिए खतरा बनता जा रहा है।
तिलकपुर पंचायत में इंडियामार्का हैंडपंप टाइप-2 के पास बनाए जा रहे सोख्ता गड्ढे को महीनों से अधूरा छोड़ दिया गया है। निर्माणाधीन गड्ढे को न तो किसी प्रकार से ढका गया है और न ही उसके चारों ओर कोई सुरक्षा उपाय किए गए हैं। ऐसे में किसी मासूम बच्चे या पशु के गिरने की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत की प्रधान उमलेश मिश्रा की लापरवाही के चलते यह कार्य अधर में लटका हुआ है। उनका कहना है कि कार्यों को अधूरा छोड़ना सरासर लापरवाही और भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है।

यह स्थिति न केवल लोगों की सुरक्षा को खतरे में डाल रही है, बल्कि सरकार की प्रमुख योजना स्वच्छ भारत मिशन के मानकों की भी सीधी अवहेलना है। ग्रामीणों ने मांग की है कि जल्द से जल्द अधूरे कार्य को पूरा कर सुरक्षा उपाय किए जाएं।

