बस्ती, 15 जून।
ई-रिक्शा चालकों व संचालकों की जनरल बॉडी बैठक रविवार को ई-रिक्शा संचालक यूनियन के नेतृत्व में दीवानी कचहरी के पीछे स्थित कामरेड के. के. तिवारी के आवास पर सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता यूनियन संयोजक संतोष कुमार यादव ने की।
बैठक में ई-रिक्शा चालकों ने पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों को शत-प्रतिशत लागू किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की। सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि यूनियन की संयोजन समिति एक प्रतिनिधिमंडल के साथ जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक तथा उप श्रमायुक्त से मुलाकात कर जोन गठन की अनियमित प्रक्रिया और उससे उत्पन्न समस्याओं को लेकर वार्ता करेगी तथा ज्ञापन सौंपेगी।
ट्रैफिक जाम के लिए ई-रिक्शा चालकों को दोषी ठहराना गलत — कामरेड के. के. तिवारी
बैठक को संबोधित करते हुए सीटू नेता कामरेड के. के. तिवारी ने कहा कि बस्ती शहर में जोन निर्धारण, रूट तय करने आदि के निर्णयों में ई-रिक्शा चालकों की न तो राय ली गई, न ही उनके हितों का ध्यान रखा गया। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक जाम की समस्या पहले से थी और इसके वास्तविक कारणों की जांच किए बिना केवल ई-रिक्शा चालकों को दोषी ठहराना अनुचित है।

संगठन बनने से मिलेगी आवाज — शेष्मणि
माकपा नेता व ई-रिक्शा चालक शेष्मणि ने कहा कि अधिकांश चालक कर्ज लेकर रिक्शा चलाते हैं और अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बिखरे होने के कारण उन्हें अक्सर प्रशासन और दबंगों के उत्पीड़न का शिकार होना पड़ता है। उन्होंने कहा कि यूनियन बनने से अब हम एकजुट होकर अपनी आवाज उठा सकेंगे।
यूनियन करेगी सहयोग और लोकतांत्रिक प्रतिरोध — संतोष यादव
संयोजक संतोष कुमार यादव ने कहा कि यूनियन के पंजीकरण को लेकर उप श्रमायुक्त कार्यालय से सकारात्मक संकेत मिले हैं। यूनियन न सिर्फ ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए प्रशासन को सुझाव देगी बल्कि किसी भी प्रकार के एकतरफा उत्पीड़न का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध भी करेगी।
आंदोलन की भी तैयारी संभव — नवनीत यादव
बैठक का संचालन कर रहे नवनीत कुमार यादव ने बताया कि मांग-पत्र तैयार किया जा रहा है, जिसे यूनियन ग्रुप में साझा किया जाएगा। अधिकारियों से वार्ता के विवरण भी सभी के सामने लाए जाएंगे। यदि आवश्यकता पड़ी तो आंदोलन की तिथि व स्वरूप तय करने के लिए पुनः बैठक बुलाई जाएगी। साथ ही उन्होंने सभी सदस्यों से सदस्यता अभियान को गति देने और 1000 सदस्य जोड़ने का लक्ष्य प्राप्त करने का आह्वान किया।
बैठक में वसीम, रमेश, बृजेश गुप्ता, शमीम, हरिराम सोनी, साबिर, अमित पांडेय, दीपक गुप्ता, पवन, जगत राम, राम अधारे, प्रदीप सहित दर्जनों ई-रिक्शा चालक मौजूद रहे।

