Homeमुंबईमुंबई के ट्राइडेंट होटल में कॉफी से निकला मरा हुआ कॉकरोच, ग्राहक...

मुंबई के ट्राइडेंट होटल में कॉफी से निकला मरा हुआ कॉकरोच, ग्राहक ने भेजा कानूनी नोटिस, मांगा 10 लाख का मुआवजा

मुंबई के ट्राइडेंट होटल में ग्राहक की कॉफी में मिला मरा हुआ कॉकरोच, लापरवाही पर ग्राहक ने भेजा कानूनी नोटिस, 10 लाख रुपये मुआवजे की मांग

मुंबई, 26 अप्रैल 2025: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में स्थित प्रतिष्ठित ट्राइडेंट होटल एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गया है। बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) में स्थित इस पांच सितारा होटल में एक ग्राहक की कॉफी में मरा हुआ कॉकरोच मिलने की घटना ने न केवल होटल की स्वच्छता व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं, बल्कि अब इस मामले में कानूनी लड़ाई के आसार भी बन गए हैं।

कॉफी पीते समय निकला मरा हुआ कॉकरोच
कानपुर निवासी राहुल कुमार ने आरोप लगाया कि 17 जनवरी 2025 की सुबह नाश्ते के दौरान जब वे कॉफी पी रहे थे, तो आधी कॉफी पीने के बाद उन्हें उसमें मरा हुआ कॉकरोच नजर आया। राहुल के मुताबिक, उन्होंने तुरंत वेटर और होटल प्रबंधन को इस घटना की जानकारी दी, लेकिन उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया।

पहले भी रही थी खाने की गुणवत्ता पर शिकायत
राहुल ने बताया कि इससे दो दिन पहले, 15 जनवरी की रात को उन्होंने और उनके मित्र रोहित कुमार ने होटल के रेस्तरां में भोजन किया था। मशरूम मसाला सहित कई व्यंजन ऑर्डर किए गए थे। मशरूम मसाले का स्वाद अत्यधिक मीठा होने की शिकायत भी उन्होंने की थी, जिसे होटल ने स्वीकारते हुए उस व्यंजन को बिल से हटा दिया था।

स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ का आरोप
राहुल कुमार ने ट्राइडेंट होटल को भेजे गए कानूनी नोटिस में लिखा है, “इस तरह की लापरवाही न केवल उपभोक्ता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है, बल्कि होटल व्यवसाय की नैतिकता के भी खिलाफ है।” उन्होंने कहा कि इस घटना ने होटल की प्रतिष्ठा और ग्राहक विश्वास दोनों को गहरी चोट पहुंचाई है।

मुआवजे की मांग और कानूनी अल्टीमेटम
राहुल ने नोटिस में मांग की है कि ट्राइडेंट होटल सार्वजनिक रूप से माफी मांगे, 10 लाख रुपये का मुआवजा अदा करे तथा नोटिस के खर्च के रूप में 21,000 रुपये अलग से दे। साथ ही, उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि सात दिनों के भीतर उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं, तो वे होटल के खिलाफ उपभोक्ता अदालत में मुकदमा दायर करेंगे।
फिलहाल होटल प्रशासन से संपर्क करने की कोशिशें विफल रही हैं और उनकी ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिली है।

Rishik Dwivedi
Rishik Dwivedi
Founder Member & Sub- Editor of NTF
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments