हरैया (बस्ती)। परसरामपुर विकासखंड के किशुनपुर गांव की निवासी रीता देवी पत्नी शिवकुमार ने अपने निरस्त किए गए राशन कार्ड को पुनः सक्रिय करने की मांग को लेकर शनिवार को उपजिलाधिकारी हरैया को एक ज्ञापन सौंपा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रीता देवी को पूर्व में गृहस्थी कार्ड संख्या 218540628540 आवंटित किया गया था, जिसके माध्यम से उन्हें हर महीने निर्धारित यूनिट के अनुसार राशन प्राप्त होता था। लेकिन 28 अगस्त 2021 को उन्हें ‘अपात्र’ घोषित करते हुए उनका राशन कार्ड निरस्त कर दिया गया।

रीता देवी का कहना है कि इसके बाद से वे सरकारी राशन योजना का लाभ नहीं उठा पा रही हैं। उन्होंने पुनः कार्ड में नाम जुड़वाने हेतु खाद्य एवं रसद विभाग को कई बार सूचना दी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
इस संदर्भ में रीता देवी ने शनिवार को सरदार सेना के विधानसभा अध्यक्ष अमरजीत चौधरी के नेतृत्व में उपजिलाधिकारी हरैया को ज्ञापन सौंपा और मामले में समुचित कार्यवाही की मांग की।

