मंगलवार को पूर्व भारतीय क्रिकेटर केदार जाधव भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में शामिल हो गए। इस मौके पर महाराष्ट्र बीजेपी के अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। जाधव ने बीजेपी में शामिल होने के बाद न्यूज़ एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले दस वर्षों में भारत को एक विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित किया है। उन्होंने यह भी कहा कि महाराष्ट्र में विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का श्रेय उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को जाता है, और इसी वजह से उन्होंने बीजेपी में शामिल होने का फैसला किया।
जाधव ने आगे कहा, “देश और महाराष्ट्र के विकास के लिए जो भी जिम्मेदारी मुझे दी जाएगी, मैं उसे पूरी निष्ठा से निभाऊंगा।” बता दें कि केदार जाधव ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। अपने करियर के दौरान उन्होंने भारत के लिए 50 से अधिक एकदिवसीय (वनडे) और नौ टी-20 मैच खेले हैं। अब वह राजनीति के मैदान में नई पारी शुरू करने जा रहे हैं।

