बस्ती: उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने एक बार फिर विवेकानंद मिश्रा को जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी कार्यालय से इस घोषणा के बाद कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
कई दिनों से यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि बस्ती भाजपा दो गुटों में बंट चुकी है, लेकिन आज पार्टी कार्यालय से सामने आई तस्वीरों ने इन कयासों को गलत साबित कर दिया। जैसे ही जिलाध्यक्ष के नाम की घोषणा हुई, कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं के साथ विवेकानंद मिश्रा का भव्य स्वागत किया।

2027 के चुनाव की तैयारियों पर जोर
मीडिया से बातचीत में जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्रा ने भाजपा शीर्ष नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “पार्टी ने जिस तरह मुझ पर दोबारा विश्वास जताया है, मैं उसे पूरी तरह निभाऊंगा। हम सभी कार्यकर्ता 2027 के चुनाव को लेकर पांचों विधानसभाओं में अपने सभी बूथों को और अधिक मजबूत करने का कार्य करेंगे।”
भाजपा कार्यालय में जश्न का माहौल
घोषणा के बाद पार्टी कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया। ढोल-नगाड़ों की धुन पर कार्यकर्ताओं ने नाच-गाने के साथ जश्न मनाया, वहीं पटाखे फोड़कर अपनी खुशी जाहिर की।
भाजपा के इस फैसले के बाद जिले की राजनीति में नए समीकरण बनने की संभावना जताई जा रही है। अब देखना होगा कि विवेकानंद मिश्रा के नेतृत्व में भाजपा आगामी चुनाव में कितनी मजबूती से आगे बढ़ती है।

