बस्ती: जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के तेलियाडीह गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई।

परिवार का इकलौता बेटा था मृतक
मृतक की पहचान प्रदीप राजभर (28 वर्ष) पुत्र जितेंद्र राजभर के रूप में हुई है, जो पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के खोराबार गांव का रहने वाला था। प्रदीप दुबौलिया थाना क्षेत्र के रमवापुर गांव स्थित अपने रिश्तेदार के घर गया था और वहां से लौटते समय यह दर्दनाक हादसा हुआ।

कैसे हुआ हादसा?
प्रदीप अपनी बाइक से घर लौट रहा था, तभी हाईवे पर तेलियाडीह गांव के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि प्रदीप बाइक से उछलकर बस्ती-अयोध्या लेन पर जा गिरा और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने दी पुलिस को सूचना
घटना के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची कप्तानगंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिवार में मचा कोहराम
मृतक अपने परिवार का इकलौता बेटा था, जिससे पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। प्रदीप की शादी एक साल पहले ही हुई थी। अचानक हुए इस हादसे से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस कर रही आरोपी वाहन की तलाश
फिलहाल, पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है।

