Homeउत्तर प्रदेशऑनलाइन वजन कम करने की दवा खाने से किसान नेता की मौत,...

ऑनलाइन वजन कम करने की दवा खाने से किसान नेता की मौत, जानें पूरा मामला

एक व्यक्ति ने ऑनलाइन वजन कम करने की दवा मंगवाई, लेकिन यह दवा उसके लिए जानलेवा साबित हुई। दवा के सेवन से उसकी किडनियां खराब हो गईं और कई महीनों तक इलाज के बाद उसकी मौत हो गई

बागपत: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने ऑनलाइन वजन कम करने की दवा मंगवाई, लेकिन यह दवा उसके लिए जानलेवा साबित हुई। दवा के सेवन से उसकी किडनियां खराब हो गईं और कई महीनों तक इलाज के बाद उसकी मौत हो गई।

बिना डॉक्टर की सलाह ली दवा, बना मौत का कारण

जानकारी के मुताबिक, बागपत की माता कॉलोनी के निवासी 40 वर्षीय फुरकान ने सोशल मीडिया पर एक विज्ञापन देखकर वजन कम करने की दवा ऑनलाइन मंगाई थी। बिना किसी चिकित्सकीय परामर्श के सेवन की गई इस दवा का असर उसके शरीर पर नकारात्मक रूप से पड़ने लगा।

करीब छह से सात महीने तक लगातार इस दवा का उपयोग करने के बाद फुरकान का वजन तो घटा, लेकिन उसकी तबीयत भी तेजी से बिगड़ने लगी। जब परिजनों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया, तो डॉक्टरों ने बताया कि उनकी किडनियां गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं।

एम्स में चला इलाज, लेकिन नहीं बच सकी जान

परिजनों के अनुसार, स्थानीय अस्पतालों से कोई राहत न मिलने पर फुरकान को दिल्ली के एम्स में दिखाया गया। जांच के दौरान डॉक्टरों ने बताया कि जो दवा फुरकान ने खाई है, वह शरीर के लिए हानिकारक है और उसकी किडनी फेल होने का कारण बनी। स्थिति बिगड़ने पर फुरकान को डायलिसिस पर रखा गया, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ और आखिरकार रविवार को उनकी मौत हो गई।

राजनीति से भी जुड़े थे फुरकान

फुरकान राजनीतिक क्षेत्र में भी सक्रिय थे। वह समाजवादी पार्टी में नगर अध्यक्ष और जिला सचिव के पद पर रह चुके थे। वर्तमान में वह किसान मजदूर संगठन के जिला उपाध्यक्ष के रूप में कार्यरत थे।

ऑनलाइन बिक रहीं दवाओं पर नहीं है कोई नियंत्रण

यह मामला ऑनलाइन बिकने वाली बिना प्रमाणित दवाओं के खतरनाक प्रभाव को उजागर करता है। बिना डॉक्टर की सलाह के वजन घटाने की दवाओं का सेवन स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसी दवाएं कई बार मिलावटी या प्रतिबंधित तत्वों से बनी होती हैं, जो शरीर को गंभीर नुकसान पहुंचा सकती हैं।

स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन से उठी सख्त कार्रवाई की मांग

फुरकान की मौत के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से मांग है कि ऑनलाइन बिक रही इन दवाओं पर सख्त नियंत्रण लगाया जाए और ऐसी कंपनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

सावधानी बरतने की जरूरत

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि वजन घटाने के लिए दवाओं के बजाय संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाना अधिक सुरक्षित और प्रभावी होता है। किसी भी दवा का सेवन करने से पहले डॉक्टर की सलाह लेना बेहद जरूरी है।

फुरकान की मौत ने यह सबक दिया है कि ऑनलाइन उपलब्ध किसी भी दवा को लेने से पहले उसकी प्रामाणिकता और संभावित प्रभावों की जांच जरूर करें, अन्यथा इसका परिणाम जानलेवा भी हो सकता है।

Rishik Dwivedi
Rishik Dwivedi
Founder Member & Sub- Editor of NTF
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments