बस्ती जिले के दुबौलिया थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला प्राथमिक विद्यालय मझियार का है, जहां देर रात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर विद्यालय के अंदर घुसकर रसोई घर का ताला तोड़कर वहां रखा सारा सामान ले उड़े। यह कोई पहली बार नहीं हुआ, बल्कि पहले भी विद्यालय में कई बार चोरी हो चुकी है, लेकिन प्रशासन की निष्क्रियता के चलते चोरों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं।

सुबह टूटा ताला और बिखरा मिला चावल
जब सुबह प्रधानाचार्य विद्यालय पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि रसोई घर का ताला टूटा हुआ था और परिसर में चावल बिखरा पड़ा था। अंदर जाकर देखा तो सारा सामान गायब था, जिससे पूरे विद्यालय में हड़कंप मच गया।

विद्यालय से चोरी हुए सामान की लिस्ट
चोरों ने विद्यालय के रसोई घर से गैस सिलेंडर, चूल्हा, गैस बाटला, तीन भगौने, दो कड़ाही, पौना, करछुल, कुकर (8 लीटर), एक बोरी चावल, पानी मोटर, किचन सेट, पांच लीटर सरसों का तेल, आलू, दाल, मसाले, बर्तन सहित 20 बच्चों की भोजन की थाली, छह गिलास, 20 प्लेट, तवा, दो जग समेत अन्य जरूरी सामान चोरी कर फरार हो गए।

विद्यालय के प्रधानाचार्य ने दी पुलिस को सूचना
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने बताया कि पहले भी स्कूल में कई बार चोरी हो चुकी है, लेकिन पुलिस ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। हर बार डायल 112 और दुबौलिया थाने को सूचना दी जाती है, लेकिन पुलिस सिर्फ जांच का आश्वासन देकर चली जाती है। यदि समय रहते पुलिस ने कार्रवाई की होती, तो शायद इस बार चोरी नहीं होती।
क्या इस बार खुलासा कर पाएगी पुलिस?
इस घटना ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर कब तक चोर बेखौफ होकर खुलेआम वारदातों को अंजाम देते रहेंगे? क्या इस बार दुबौलिया थाने की पुलिस इस चोरी का खुलासा कर पाएगी या पहले की तरह ही मामला ठंडे बस्ते में चला जाएगा?
प्रधानाचार्य ने दुबौलिया थाने को फिर से सूचना देकर जल्द से जल्द चोरों को पकड़ने और कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों और बच्चे सुचारू रूप से अपनी पढ़ाई कर सकें। अब देखने वाली बात होगी कि प्रशासन इस बार क्या कदम उठाता है या फिर चोरों का आतंक ऐसे ही जारी रहेगा।

