Homeउत्तर प्रदेशरायबरेली: भाजपा नेता रिंकू सिंह का डॉक्टर से अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज का...

रायबरेली: भाजपा नेता रिंकू सिंह का डॉक्टर से अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज का ऑडियो वायरल

रायबरेली के बछरावां में भाजपा नेता रिंकू सिंह का एक डॉक्टर से अभद्र भाषा में बात करने और गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है। नेता जी की दबंगई की यह घटना 30 जनवरी 2025 की रात की बताई जा रही है, जब बछरावां के चिकित्साधिकारी डॉक्टर प्रभात मिश्रा ने घायल युवकों को बेहतर इलाज के लिए रायबरेली रेफर कर दिया। इससे नाराज होकर भाजपा नेता ने डॉक्टर को अपशब्द कहे और जातिसूचक टिप्पणियां कीं।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, दो घायल युवकों को बछरावां के अस्पताल में इलाज के लिए लाया गया था। चिकित्सकीय परीक्षण में चोटें गंभीर पाई गईं, जिसके चलते डॉक्टर प्रभात मिश्रा ने उन्हें रायबरेली रेफर कर दिया। लेकिन भाजपा नेता रिंकू सिंह इससे नाराज हो गए क्योंकि घायल युवकों को पीटने का आरोप उनके ही समर्थकों पर था। नेता जी चाहते थे कि मामला हल्का रखा जाए और डॉक्टर रेफर न करें।

जब डॉक्टर प्रभात मिश्रा ने रेफर करने का कारण बताया तो रिंकू सिंह भड़क उठे और उन्हें “पंडित” कहकर गाली देने लगे। नेता जी का गुस्सा यहीं नहीं रुका, उन्होंने खुलेआम डॉक्टर की “ऐसी-तैसी” करने की धमकी दी।

सीओ और सीएमओ को लेकर भी भड़के

वार्तालाप के दौरान रिंकू सिंह ने खुद को प्रभावशाली बताते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) और मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को भी धमकी दी। उन्होंने कहा, “सीओ से पूछ लेना कि रिंकू सिंह कौन है, मैंने उसकी ऐसी-तैसी कर दी थी। सीएमओ की औकात क्या है?”

डॉक्टर ने सीएमओ से की शिकायत

भाजपा नेता के इस व्यवहार से आहत डॉक्टर प्रभात मिश्रा ने पूरे मामले की शिकायत सीएमओ रायबरेली से की है। इस दौरान डॉक्टर पूरे सम्मान के साथ ‘सर-सर’ कहकर बात कर रहे थे, लेकिन नेता जी लगातार अपशब्दों का इस्तेमाल करते रहे। इस घटना का एक ऑडियो भी रिकॉर्ड किया गया है, जिसमें पूरी बातचीत कैद है।

ऑडियो वायरल, कार्रवाई की मांग

भाजपा नेता की यह अभद्र भाषा और दबंगई का ऑडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है और भाजपा नेता के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। फिलहाल, सीएमओ ने इस मामले पर संज्ञान लेते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अब देखना होगा कि प्रशासन भाजपा नेता की इस दबंगई पर क्या कदम उठाता है।

Vedic Dwivedi
Vedic Dwivedi
Founder Member & Chief Editor of NTF
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments