मुरादाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा एक विवादित कार्रवाई का मामला सामने आया है। सुपरटेक, दिल्ली रोड मुरादाबाद निवासी सचिन चौधरी, जो ग्राम दरियापुर बुजुर्ग, तहसील धनौरा, जिला अमरोहा स्थित गाटा संख्या 406 की 0.0945 हेक्टेयर भूमि के मालिक हैं, ने प्राधिकरण पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
क्या है मामला?
सचिन चौधरी ने 2021 में इस भूमि पर 1.5 मीटर से कम ऊंचाई की चारदीवारी का निर्माण कराया था। प्राधिकरण के नियमों के तहत किए गए इस निर्माण पर लगभग 25 लाख रुपये का खर्च आया था। श्री चौधरी ने बताया कि उन्होंने 2021 के बाद से भूमि पर कोई और निर्माण नहीं कराया।
हालांकि, 22 जनवरी 2025 को, मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने बिना किसी पूर्व सूचना या कानूनी नोटिस के इस चारदीवारी को ध्वस्त कर दिया।

प्रार्थी का आरोप
सचिन चौधरी ने अपनी शिकायत में कहा है कि यह कार्रवाई गैर-कानूनी है और उन्हें मानसिक एवं आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि इस घटना से उनकी प्रतिष्ठा को भी ठेस पहुंची है।
उन्होंने अपनी भूमि पर असामाजिक तत्वों द्वारा अवैध कब्जे की आशंका भी व्यक्त की है। साथ ही, उन्हें डर है कि अगर वह चारदीवारी का पुनर्निर्माण कराते हैं, तो प्राधिकरण फिर से कार्रवाई कर सकता है।
दोषियों पर कार्रवाई की मांग
सचिन चौधरी ने उपाध्यक्ष, मुरादाबाद विकास प्राधिकरण को पत्र लिखकर दोषी अधिकारियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने प्राधिकरण की इस कार्रवाई को गैर-कानूनी और मनमाना करार दिया है।
न्याय की गुहार
सचिन चौधरी ने प्रशासन से अपील की है कि दोषी अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए और उनकी भूमि पर अवैध कब्जे को रोकने के लिए सुरक्षा प्रदान की जाए।
यह मामला स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है। लोग प्राधिकरण की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं और पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं।

