बस्ती जिले के कप्तानगंज क्षेत्र में संपत्ति विवाद ने एक बार फिर रिश्तों को कलंकित कर दिया। सेठा गांव में जमीनी विवाद के चलते एक सगे और एक सौतेले बेटे ने अपनी ही मां और बहन को जिंदा जलाकर मार डाला। दोनों की जली हुई लाशें उनके घर के एक कमरे से बरामद की गईं। घटना के बाद से आरोपी फरार हैं।
क्या है मामला?
मृतक महिलाएं गोदावरी देवी (50), जो गांव में आशा कर्मी के रूप में कार्यरत थीं, और उनकी 22 वर्षीय बेटी सौम्या थीं, जो एएनएम की ट्रेनिंग कर रही थीं। पति अवधेश के निधन के बाद गोदावरी और सौम्या गांव में अकेले रहती थीं। अवधेश ने अपने जीवनकाल में ही दो बीघा जमीन पत्नी और बेटी के नाम कर दी थी। इसी संपत्ति को लेकर गोदावरी के सगे बेटे कमलेश, सौतेले बेटे करुणाकर और जेठ कौशल में विवाद चल रहा था।
गोदावरी के पति अवधेश की पहली पत्नी कौशल्या से करुणाकर और एक बेटी हैं, जबकि गोदावरी के दो बच्चे सरिता और कमलेश हैं। अवधेश के निधन के बाद उनकी वसीयत को लेकर परिवार में तनाव गहराता गया।
हत्या से एक दिन पहले थी गवाही की तारीख
सूत्रों के मुताबिक, संपत्ति विवाद को लेकर अदालत में मामला चल रहा था। 5 दिसंबर को इस मामले में मां-बेटी की गवाही होनी थी। गवाही से एक दिन पहले ही घर में मां-बेटी की जली हुई लाशें मिलने से सनसनी फैल गई।
बड़ी बेटी ने लगाए गंभीर आरोप

गोदावरी की बड़ी बेटी सरिता ने आरोप लगाया कि उसके सगे भाई कमलेश और सौतेले भाई करुणाकर ने अपने चाचा कौशल के साथ मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया। सरिता ने बताया कि जब सुबह उसने सौम्या को फोन किया, तो काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिला। परेशान होकर उसने पड़ोसियों से घर जाकर देखने को कहा। पड़ोसियों ने बताया कि घर के कमरे से धुआं निकल रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जली हुई लाशों को बरामद किया।
पुलिस की जांच और बयान

एसपी गोपाल कृष्ण चौधरी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला संपत्ति विवाद का लगता है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत इकट्ठा किए हैं, और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हुई हैं।
घटना के बाद आरोपी फरार
हत्या के बाद से कमलेश, करुणाकर और कौशल फरार हैं। पुलिस ने इनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी है।
इस वीभत्स घटना से गांव के लोग स्तब्ध हैं। ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। यह घटना एक बार फिर इस बात को उजागर करती है कि संपत्ति के लोभ में रिश्ते किस हद तक गिर सकते हैं। मां और बहन को जलाकर मार देने की यह घटना समाज के लिए एक कड़वा सच है। पुलिस इस हत्याकांड की गहराई से जांच कर रही है, और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

