मुंबई: महाराष्ट्र की राजनीति के प्रमुख चेहरे और जनता के दिलों पर राज करने वाले बाबा भाई की दर्दनाक हत्या ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। इस वीभत्स घटना पर कांग्रेस नेता नदीम जावेद ने अपने ‘X’ अकाउंट पर गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए राज्य की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “बाबा भाई हमसे दूर चले गए, यकीन करना मुश्किल है। जिस तरह से उन पर हमला हुआ, वह मुंबई में बढ़ते अपराध का साफ संकेत है। इसके पीछे छिपी ताकतों को बेनकाब किया जाना चाहिए।”
मुंबई में बढ़ते अपराध और सरकार की नाकामी पर सवाल
नदीम जावेद ने इस पोस्ट में महाराष्ट्र की मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए इसे डबल इंजन सरकार की नाकामी बताया। उन्होंने लिखा, “मुंबई जैसे शहर में ऐसा कायराना हमला होना न केवल अपराधियों के बेखौफ होने का संकेत है, बल्कि यह सरकार की नाकामी को भी बयान करता है। आज अपराधियों में कानून का कोई डर नहीं है, और सरकार अपराध रोकने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है।”
बाबा भाई की शख्सियत को किया याद
कांग्रेस नेता ने बाबा भाई की शख्सियत की तारीफ करते हुए उन्हें गरीबों का मसीहा और मेहमाननवाज इंसान बताया। “खुदा ने बाबा भाई को बहुत नवाजा था, मगर उनका दिल भी बहुत बड़ा था। वे गरीबों के मददगार थे, और हर कोई उनकी दरियादिली का गवाह है। इस बात पर यकीन करना मुश्किल हो रहा है कि उन पर ऐसा कायराना हमला भी हो सकता है,” जावेद ने कहा।
परिवार और समर्थकों के लिए संवेदना
नदीम जावेद ने बाबा भाई के परिवार और उनके समर्थकों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते हुए लिखा, “उनके परिवार और समर्थकों के लिए मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। खुदा मरहूम की मगफिरत फरमाए और उन्हें जन्नतुल फिरदौस में आला मकाम अता करे।”
कड़ी सज़ा की मांग
नदीम जावेद ने अंत में इस घटना के दोषियों को सख्त से सख्त सजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस तरह के अपराधियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए और उन्हें कठोर सजा मिलनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हो सकें।
सरकार की चुनौतियां बढ़ीं
इस घटना के बाद महाराष्ट्र सरकार की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। विपक्षी दल अब सरकार पर दबाव बना रहे हैं कि वह अपराधियों को जल्द से जल्द पकड़कर उन्हें सजा दिलाए। बाबा भाई की हत्या ने महाराष्ट्र की सियासत में उबाल ला दिया है, और आने वाले दिनों में इस पर राजनीतिक तापमान और बढ़ सकता है।

