बस्ती: पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष आदित्य नारायण तिवारी ‘कबीर’ की पांचवी पुण्यतिथि पर बुधवार को उनके पैतृक गांव एैंठीडीह, कप्तानगंज में उन्हें याद किया गया। कबीर आदित्यनारायण वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने शिरकत की और उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उनके योगदान और व्यक्तित्व पर भी चर्चा की गई।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित रक्तदान शिविर में 26 लोगों ने रक्तदान किया, जिसमें बस्ती चेरीटेबल ब्लड बैंक के स्वास्थ्यकर्मियों का अहम योगदान रहा। रक्तदान शिविर को सफल बनाने में स्वास्थ्य कर्मियों के साथ-साथ स्थानीय लोग भी सक्रिय रूप से शामिल हुए।

कबीर के भाई विवेक नारायण उर्फ तुलसी और बहन रंजना तिवारी ने कहा, “कबीर बस्ती का भविष्य थे। उनकी निर्मम हत्या के बाद जिले ने एक उभरता हुआ नेता खो दिया, जिसकी भरपाई असंभव है। अगर वे आज होते, तो बस्ती की राजनीति की दिशा और दशा कुछ और होती।”

रक्तदान शिविर में तुलसी तिवारी, प्रीती तिवारी, रंजना तिवारी, आशीष, सौरभ, वेदिक द्विवेदी , सुधांशु पाठक, आनन्द ,अभिषेक विश्वकर्मा, ऋषिक द्विवेदी, अजय ओझा समेत कुल 26 लोगों ने रक्तदान किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में परिजन, ग्रामीण और कबीर के समर्थक मौजूद रहे।

कबीर की स्मृति में हर साल आयोजित इस कार्यक्रम ने एक बार फिर उनकी यादों को ताजा किया, और उनके प्रति लोगों के सम्मान और आदर को प्रदर्शित किया।

