Homeउत्तर प्रदेशSFI ने छात्रवृत्ति में धांधली के सवाल पर किया कल्याण भवन, लखनऊ...

SFI ने छात्रवृत्ति में धांधली के सवाल पर किया कल्याण भवन, लखनऊ का घेराव

लखनऊ।

छात्र संगठन स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) की उत्तर प्रदेश राज्य कमेटी द्वारा शुक्रवार को छात्रवृत्ति में धांधली के सवाल पर कल्याण भवन, लखनऊ का घेराव किया गया। इस दौरान राज्य मंत्री समाज कल्याण विभाग संजीव गौड़ को संबोधित ज्ञापन डिप्टी कमिश्नर समाज कल्याण विभाग के माध्यम से सौंपा गया।

इस दौरान संगठन के राज्य अध्यक्ष पार्थ सारथी द्विवेदी ने कहा कि छात्रवृत्ति सत्र 2025-26 में प्रदेश के तमाम छात्रों की छात्रवृत्ति अभी तक आवंटित नहीं हुई है और बहुत से छात्रों का आवेदन पत्र रिजेक्ट कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि छात्रवृत्ति आवंटन की आखिरी तिथि 31 मार्च होती है, लेकिन अंतिम तिथि बीत जाने के बाद भी छात्रों के बैंक खातों में राशि नहीं भेजी गई, जिससे उनके बीच संशय की स्थिति बनी हुई है। साथ ही कई छात्रों के आवेदन पत्र का स्टेटस 8 अप्रैल को, यानी सत्र समाप्त होने के बाद अपडेट किया गया, जो प्रशासन की गंभीरता पर सवाल खड़ा करता है।

राज्य सचिव अब्दुल वहाब ने कहा कि संगठन द्वारा प्रदेश के विभिन्न जिलों में छात्रों से बातचीत के दौरान यह सामने आया कि कई छात्रों को अभी तक छात्रवृत्ति नहीं मिली है या आंशिक राशि ही प्राप्त हुई है। वहीं कई छात्रों के आवेदन पत्र समय बीतने के बाद निरस्त कर दिए गए। उन्होंने कहा कि अनेक छात्रों को उनके पाठ्यक्रम की फीस के अनुपात में आधी या उससे भी कम राशि मिली है, जिससे उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

राज्य उपाध्यक्ष दुर्गेश यादव ने कहा कि छात्रवृत्ति केवल आर्थिक सहायता नहीं बल्कि छात्रों की शिक्षा का आधार है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आगामी 15 कार्यदिवस में सभी पात्र छात्रों को छात्रवृत्ति आवंटित नहीं की गई और जिनके आवेदन निरस्त किए गए हैं, उन्हें सुधार का अवसर नहीं दिया गया, तो संगठन व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होगा, जिसकी जिम्मेदारी समाज कल्याण विभाग की होगी।

प्रदर्शन में आशीष, यीशु, ऋषि, अमरदीप, बृजेश, ऋचा, रिया, शिखा, प्रवीण, अंकित, सपन, मंजेश समेत सुल्तानपुर, अमेठी, लखनऊ, इलाहाबाद, कानपुर सहित अन्य जिलों के छात्र मौजूद रहे।

Rishik Dwivedi
Rishik Dwivedi
Founder Member & Sub- Editor of NTF
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments