सुल्तानपुर। आज दिनांक 08 अप्रैल 2026 को छात्र संगठन एसएफआई सुल्तानपुर जिला कमेटी द्वारा उत्तर प्रदेश दशमोत्तर छात्रवृत्ति के सत्र समाप्त हो जाने के बावजूद भी आवंटन में आ रही समस्याओं के संबंध में समाज कल्याण अधिकारी अमित सिंह को ज्ञापन सौंपा गया।
इस मौके पर SFI जिला सचिव दुर्गेश यादव ने कहा कि छात्रवृत्ति का सत्र बीत जाने के बावजूद जिले के अधिकांश पात्र छात्रों को अब तक छात्रवृत्ति नहीं मिल सकी है। आवंटन की अंतिम तिथि 31 मार्च होने के बावजूद छात्रों के खातों में राशि न पहुंचने से उनमें संशय की स्थिति बनी हुई है, जिसका उनके मानसिक स्वास्थ्य पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के कई जिलों में बातचीत के दौरान यह सामने आया कि करीब 50 प्रतिशत या उससे अधिक योग्य छात्रों के खातों में 08 अप्रैल तक भी छात्रवृत्ति नहीं पहुंची है।

उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रवृत्ति में व्यापक धांधली हो रही है और इस बार स्टेटस भी अपडेट नहीं किया जा रहा है। पिछले सत्र में भी छात्रों को उनकी फीस के अनुपात में आधी या उससे कम छात्रवृत्ति मिली थी, जिससे इस बार भी छात्रों में चिंता बनी हुई है। उच्च शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति पर निर्भर छात्रों को भुगतान में देरी के कारण गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे पढ़ाई छोड़ने की दर में वृद्धि हो रही है।
SFI जिला अध्यक्ष सलिल धुरिया ने मांग की कि जिन छात्रों को अब तक छात्रवृत्ति नहीं मिली है, उन्हें कार्यावधि समाप्त होने से पहले भुगतान सुनिश्चित किया जाए और ऑनलाइन पोर्टल पर रियल टाइम अपडेट उपलब्ध कराया जाए। साथ ही छात्रों को उनके पाठ्यक्रम की पूरी फीस, कंप्यूटर फीस, हॉस्टल फीस आदि के अनुरूप पूर्ण छात्रवृत्ति दी जाए। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति का भुगतान सत्र के अंतिम दिनों तक न टाला जाए, बल्कि फरवरी माह के अंत तक एकमुश्त राशि छात्रों के खातों में भेजी जाए। इसके साथ ही प्रीमैट्रिक और पोस्टमैट्रिक छात्रवृत्ति का बजट बढ़ाने की भी मांग की गई।

जिला संयुक्त सचिव सूरज गौड़ ने कहा कि एक ओर जीरो फीस एडमिशन की प्रक्रिया बंद है, वहीं दूसरी ओर छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति में भी देरी हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द भुगतान नहीं किया गया तो छात्र संगठन व्यापक प्रदर्शन के लिए बाध्य होगा, जिसकी जिम्मेदारी समाज कल्याण विभाग की होगी।
प्रदर्शन के बाद समाज कल्याण विभाग ने जल्द छात्रवृत्ति आवंटन का आश्वासन दिया। इस दौरान अंकिता वर्मा, काजल, हिमांगी, प्रिय कुमारी, शिवानी, शिफा, अनुज प्रजापति, गोविंद कुमार, अखिल कुमार, आकांक्षा, शिवानी देवी, आदर्श जायसवाल, सत्यम गौतम, बलराम सुभाष, शिवम कोरी, बृजेश पाल, अंशुमान सिंह, आफताब, आलोक कुमार, रिया यादव, साक्षी यादव, मो. दानिश, गुलफाम, अमन तिवारी, सुशील धुरिया, आदर्श सिंह, विनय मिश्रा, अखिलेश, जयसिंह यादव, आशीष कुमार, उत्कर्ष वर्मा, वीरेंद्र यादव, शेखर सहित अन्य छात्र मौजूद रहे।

