सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश में दशमोत्तर छात्रवृत्ति के आवंटन में हो रही देरी और अनियमितताओं को लेकर छात्र संगठन एसएफआई (SFI) सुल्तानपुर जिला कमेटी ने सोमवार को डिप्टी कमिश्नर मनरेगा को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी कि तय समयसीमा तक छात्रवृत्ति जारी न होने पर व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

ज्ञापन सौंपने के दौरान SFI के प्रदेश अध्यक्ष पार्थ सारथी द्विवेदी ने कहा कि जिले के अधिकांश पात्र छात्रों को अभी तक छात्रवृत्ति नहीं मिली है, जबकि आवंटन की अंतिम तिथि 31 मार्च निर्धारित है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के कई जिलों में करीब 50 प्रतिशत से अधिक योग्य छात्रों के खातों में अब तक छात्रवृत्ति नहीं पहुंची है, जिससे छात्रों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है और उनके मानसिक स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि इस बार छात्रवृत्ति पोर्टल पर स्थिति अपडेट न होने से पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं। पिछले सत्र में भी छात्रों को निर्धारित फीस के अनुपात में आधी या उससे कम राशि मिलने की शिकायतें सामने आई थीं, जिससे इस बार भी छात्रों में आशंका बनी हुई है।
जिला सचिव दुर्गेश यादव ने मांग की कि जिन छात्रों को अब तक छात्रवृत्ति नहीं मिली है, उन्हें 31 मार्च के कार्यदिवस समाप्त होने से पहले भुगतान किया जाए और ऑनलाइन पोर्टल पर रियल टाइम अपडेट उपलब्ध कराया जाए। साथ ही छात्रों को उनकी फीस, कंप्यूटर शुल्क, हॉस्टल शुल्क आदि के अनुरूप पूरी राशि दी जाए।
उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि छात्रवृत्ति का भुगतान सत्र के अंतिम दिनों में न कर फरवरी के अंत तक एकमुश्त छात्रों के खातों में ट्रांसफर किया जाए। इसके अलावा प्रीमैट्रिक और पोस्टमैट्रिक छात्रवृत्ति के बजट में वृद्धि कर सभी पात्र छात्रों को लाभान्वित करने की मांग उठाई गई।

जिला अध्यक्ष सलिल ने बताया कि समाज कल्याण विभाग की ओर से 5 अप्रैल तक छात्रवृत्ति जारी करने का आश्वासन मिला है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में भुगतान नहीं हुआ तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।
इस दौरान चंद्रिका, काजल, अंकिता वर्मा, आतिफ, राकेश सोनकर, आदित्य सिंह, जयदीप उपाध्याय, सूरज गोंड, बृजेश पाल, अमन चौहान, अनिकेत वर्मा, गोविंद गौतम, आकांक्षा, अमरदीप, अमीर हमजा, अखिल कुमार, विपिन यादव, दिवांश, रजनीश कुमार, आकाश, अखिलेश, संदीप कुमार, संदीप निषाद, दयाशंकर समेत अन्य छात्र मौजूद रहे।

