बस्ती। होली के पावन अवसर पर समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष श्यामकृष्ण गुप्ता के आवास पर रंग और सौहार्द का अनोखा संगम देखने को मिला। जहां एक ओर पारंपरिक तरीके से होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया, वहीं मुस्लिम समुदाय के लोगों के साथ बैठकर रोजा इफ्तार भी किया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न समाजों के लोग एकत्रित हुए और एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद शाम को रोजा इफ्तार का आयोजन किया गया, जिसमें मुस्लिम समुदाय के लोगों ने शिरकत की। सभी ने एक साथ बैठकर रोजा खोला और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।

इस अवसर पर प्रदेश सचिव पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ भाई शाहू राजेश गुप्ता, राष्ट्रीय सचिव अंबेडकर वाहिनी श्री बहरैइची प्रसाद प्रेमी जी, प्रदेश सचिव अल्पसंख्यक सभा भाई नौशाद अहमद मलिक जी, जिला उपाध्यक्ष राम धीरज साहनी जी, डॉक्टर यूनुस साहब, राम तेज चौधरी, मोहित चौधरी एवं राम भवन यादव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

सपा नेता श्यामकृष्ण गुप्ता ने कहा कि होली प्रेम, एकता और सौहार्द का पर्व है। ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी सद्भाव और मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि गंगा-जमुनी तहजीब ही हमारे देश की पहचान है और हमें इसे आगे बढ़ाने का प्रयास करना चाहिए।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे सामाजिक समरसता की मिसाल बताया।

