बस्ती, उत्तर प्रदेश।
बस्ती के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के पचपेडी़या रोड स्थित मरियम हार्ड हॉस्पिटल में एक महिला मरीज की मौत के बाद शुरू हुई जांच अब विवादों में घिर गई है। मामले की जांच करने पहुंचे एडिशनल सीएमओ की कथित ‘मेहमान नवाज़ी’ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे जांच की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
बताया जा रहा है कि प्राइवेट अस्पताल में लापरवाही के चलते महिला की मौत हो गई थी। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जांच के आदेश दिए थे।
इसी क्रम में एडिशनल सीएमओ जांच करने अस्पताल पहुंचे थे । वायरल वीडियो में उनके सामने मेज पर बिसलेरी पानी की बोतलें और नमकीन-बिस्कुट रखे दिखाई दे रहे हैं। वहीं अधिकारी पीड़ित परिजनों से मुलाकात करने के बजाय अस्पताल प्रबंधन के कक्ष में बैठकर ही जांच करते नजर आ रहे हैं ।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को लेकर लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या जांच पूरी तरह पारदर्शी ढंग से की जा रही है।
इस मामले को लेकर एडिशनल सीएमओ से उनका पक्ष जानने की कोशिश की गई लेकिन संपर्क नहीं हो सका, हालांकि स्वास्थ्य विभाग की ओर से अभी तक इस वायरल वीडियो पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
फिलहाल पूरे मामले ने जिले में स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली और निजी अस्पतालों की निगरानी व्यवस्था पर बहस छेड़ दी है। अब सभी की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।

