बस्ती।
जनपद बस्ती के कप्तानगंज विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत तिलकपुर की पंचायत चुनाव मतदाता सूची में कथित फर्जीवाड़े का एक और मामला सामने आया है। आरोप है कि तिलकपुर ग्राम पंचायत की मतदाता सूची में दर्ज कई नाम न सिर्फ इसी पंचायत में बल्कि विकासखंड बस्ती सदर की ग्राम पंचायत जामडीह शुक्ल की मतदाता सूची में भी शामिल हैं। इसे चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल के रूप में देखा जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिन नामों को लेकर आपत्ति जताई गई है, उनमें शैलेन्दी देवी पत्नी चंद्रशेखर, अखिलेश पुत्र चंद्रशेखर, सुषमा पत्नी अखिलेश, महेश पुत्र चंद्रशेखर, कीर्ति शुक्ला पत्नी महेश कुमार तथा पार्थ शुक्ला पुत्र अखिलेश कुमार शुक्ला शामिल हैं। ग्रामीणों का कहना है कि एक ही व्यक्ति का नाम दो अलग-अलग ग्राम पंचायतों की मतदाता सूची में दर्ज होना नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।
बताया गया कि इन नामों को लेकर दिनांक 24 दिसंबर 2025 को ही संबंधित अधिकारियों के समक्ष आपत्ति फार्म प्रस्तुत किया गया था। बावजूद इसके, अब तक न तो जांच की कोई ठोस जानकारी सामने आई है और न ही मतदाता सूची में सुधार किया गया है। इस उदासीनता को लेकर ग्रामीणों में रोष बढ़ता जा रहा है।
ग्राम पंचायत तिलकपुर के निवासी राकेश उर्फ मुन्ना दुबे ने इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने फेसबुक पोस्ट के माध्यम से चेतावनी दी है कि यदि मतदाता सूची में दर्ज कथित फर्जी नामों के खिलाफ की गई आपत्ति पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो मतदान स्थल तिलकपुर पर क्रमिक अनशन शुरू किया जाएगा। उन्होंने अनशन की पूरी जिम्मेदारी संबंधित बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) और ग्राम प्रधान पर डालने की बात कही है।
फिलहाल यह मामला स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्रामीणों की मांग है कि प्रशासन इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करे और मतदाता सूची को शीघ्र शुद्ध किया जाए, ताकि आगामी पंचायत चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सकें।

